महाराष्ट्र के भंडारा जिले की एक 27 वर्षीय महिला दो मासूम बेटियों के साथ करीब 1300 किलोमीटर का सफर तय कर बिहार के पूर्णिया पहुंची, लेकिन यहां पहुंचने पर उसे बड़ा धोखा मिला। महिला का आरोप है कि सोशल मीडिया पर जान-पहचान के बाद पूर्णिया निवासी युवक ने शादी का वादा कर उसे बुलाया, लेकिन अब वह न तो सामने आ रहा है और न ही फोन उठा रहा है।
महिला ने अपना नाम सुनीता (काल्पनिक नाम) बताया है। उसने बताया कि कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान पूर्णिया जिले के कसबा प्रखंड निवासी शहजाद नामक युवक से हुई थी। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई और फिर दोनों के बीच वीडियो कॉल और चैटिंग होने लगी।
सुनीता के अनुसार, 10 जुलाई को शहजाद ने उसे शादी का प्रस्ताव देते हुए पूर्णिया आने को कहा। उसने यह भी भरोसा दिलाया कि यहां आने पर किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। प्रेमी की बातों पर भरोसा कर सुनीता ने अपने परिवार को छोड़ दिया और 13 जुलाई को दोनों बेटियों (जिनकी उम्र 4 साल और 1 साल है) के साथ पूर्णिया के लिए ट्रेन पकड़ ली।
पढ़ें: पूर्व मंत्री बृषण पटेल ने किया भतीजे के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान, कहा- अब मेरा अंतिम समय है
15 जुलाई को वह पूर्णिया पहुंची, लेकिन यहां आने के बाद शहजाद लापता हो गया। महिला का कहना है कि उसने कई बार कॉल किया, लेकिन युवक ने फोन नहीं उठाया। दो दिन तक उसने कसबा प्रखंड के कई इलाकों में युवक की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अब वह मायूस होकर बच्चों के साथ लौटने की तैयारी कर रही है।
महिला ने अपनी निजी जिंदगी की आपबीती भी साझा की। उसने बताया कि साल 2017 में पुणे निवासी महेश चौधरी से उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद दो बेटियां हुईं, लेकिन लड़का नहीं होने के कारण ससुरालवालों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि पति ने बड़ी बेटी को बेचने की कोशिश की, जिसके बाद उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई और आखिरकार दो साल पहले दोनों का तलाक हो गया। अब एक बार फिर वह धोखा खा गई है। फिलहाल महिला ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।