घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
पूर्णिया जिले में एक मेडिकल क्लिनिक संचालक ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मृतक की पहचान कटिहार जिले के बलिया बेलौन निवासी मोहम्मद हसन के पुत्र गुलाबनबी (30) के रूप में हुई है। यह घटना मंगलवार को सहायक खजांची थाना क्षेत्र के रिजवान मस्जिद के पास घटी।
बिजनेस में लगातार घाटे से था परेशान
मृतक के बड़े भाई अब्दुर रहमान ने बताया कि गुलाबनबी कई वर्षों तक पूर्णिया में एक डॉक्टर के यहां कंपाउंडर के रूप में काम कर चुके थे। बाद में 16 अगस्त 2024 को लाइन बाजार शिव मंदिर रोड पर कुयान क्लिनिक नाम से मेडिकल शॉप खोली। उन्होंने यह दुकान गांव की जमीन बेचकर और कर्ज लेकर शुरू की थी। हालांकि बिजनेस में लगातार नुकसान होने की वजह से वह मानसिक तनाव में रहने लगे। घाटे की वजह से उन्होंने अपनी पत्नी और छोटे बेटे को गांव भेज दिया। लेकिन आर्थिक संकट बढ़ता ही गया, जिससे वह और अधिक तनाव में आ गए।
जमीन बेची, फिर भी नहीं सुलझी मुश्किलें
अब्दुर रहमान के अनुसार, गुलाबनबी ने अपने कर्ज चुकाने के लिए गांव की जमीन तक बेच दी। लेकिन इसके बावजूद उन पर काफी कर्ज बाकी रह गया था। इस कर्ज को लेकर वह बेहद परेशान थे और अंततः फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस और एफएसएल टीम कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही सहायक खजांची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत इकट्ठे किए। हालांकि मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके लिए पुलिस ने एक लिखित आवेदन लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।
आर्थिक तंगी बनी मौत की वजह
इस घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गुलाबनबी की आत्महत्या एक बार फिर आर्थिक तंगी और कर्ज की समस्या को उजागर करती है। इस दर्दनाक घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और लोग इस परिवार की मदद के लिए आगे आने की अपील कर रहे हैं।