कटिहार जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां शराब तस्करी के आरोप में पकड़े गए युवक को छुड़ाने के लिए परिजनों और गांव वालों ने थाना पर हमला बोल दिया। हमले में थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी कटिहार अस्पताल में इलाजरत हैं।
घटना कटिहार जिले के डंडखोरा थाना की है। जहां पुलिस ने एक युवक को शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद युवक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए और देखते ही देखते भीड़ ने थाने पर हमला कर दिया। पथराव और मारपीट में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को आत्मरक्षा में कई राउंड हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। हालांकि, गोलीबारी की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से अभी नहीं की गई है। घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। फिलहाल, पुलिस उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई में जुट गई है।
यह भी पढ़ें: छात्र-छात्राओं से अभद्र व्यवहार और अवैध राशि वसूली का आरोप, ये रहा पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डंडखोरा पुलिस शनिवार रात शराब तस्करी के मामले में आरोपी सूरज कुमार को गिरफ्तार किया था। इसे शुक्रवार को ही जेल भेजना था, लेकिन अहलेसुबह ही शराब तस्करों के परिजन और गांव के लोगों ने मिलकर डंडखोरा थाना पर हमला बोल दिया तथा हमला करने वाले भीड़ ने हाजत से शराब तस्कर को छुड़ाने की कोशिश भी की। हमले के दौरान थाना परिसर में जमकर हंगामा हुआ तथा पथराव और तोड़फोड़ की गई।
हमले के दौरान आत्मरक्षा के लिए पुलिस को कई राउंड गोलियां भी चलानी पड़ी है। हालांकि, हवाई फायरिंग करने की कोई आधिकारिक पुष्टि पुलिस प्रशासन की तरफ से नहीं की गई है। वहीं, हमले के बाद डंडखोरा थाना परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया। जिले के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला तथा इलाके में तनावपूर्ण माहौल व्याप्त रहा, जिस पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें: सीमा हैदर के शौहर को आफताब से लेनी चाहिए सीख, निकाह के 14 साल बोले- भारत के आगे बीवी कुर्बान
वहीं, कटिहार पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और आगे की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि शराब माफियाओं के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी तरह की धमकी या हमले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।