पूर्णिया एयरपोर्ट का निरीक्षण करने पहुंचे सांसद पप्पू यादव
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के लोगों के लिए हवाई सफर की बड़ी सौगात जल्द मिलने वाली है। निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने रविवार को पूर्णिया एयरपोर्ट का निरीक्षण किया और घोषणा की कि 15 सितंबर से यहां से उड़ान सेवाएं शुरू हो जाएंगी। शुरुआती चरण में दिल्ली और कोलकाता के लिए उड़ानें संचालित होंगी, जबकि जल्द ही हैदराबाद, बेंगलुरु और मुंबई को भी हवाई सेवा से जोड़े जाने की योजना है।
निर्माण कार्य में सुस्ती पर नाराजगी
निरीक्षण के दौरान सांसद ने एयरपोर्ट की घेराबंदी और सड़क मार्ग की कनेक्टिविटी में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्माण कार्य में हो रही सुस्ती और निम्न गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाई और विभाग से औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की बात कही। उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए नागर विमानन मंत्री किंजरापुर राम मोहन नायडू को भी एयरपोर्ट की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया।
यह भी पढ़ें- Bihar: PK का मंगल पांडेय पर पलटवार, पूछा- मेडिकल कॉलेज को NOC दिया? 100 करोड़ की एंबुलेंस पेमेंट पर कही यह बात
कोलकाता-दिल्ली के बाद अन्य शहरों से भी जुड़ने की योजना
पप्पू यादव ने बताया कि शुरुआत में 70 सीट वाला इंडिगो विमान कोलकाता के लिए और बड़ी फ्लाइट दिल्ली के लिए शुरू होगी। इसके बाद हैदराबाद, बेंगलुरु और मुंबई के लिए भी उड़ान सेवा बहाल करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हैदराबाद और बेंगलुरु जाने वालों में छात्रों और मजदूरों की संख्या अधिक है, इसलिए इन मार्गों को प्राथमिकता दी जा रही है।
क्षेत्रीय यात्रियों के लिए होगा बड़ा लाभ
सांसद ने कहा कि पूर्णिया एयरपोर्ट न केवल कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लिए, बल्कि पश्चिम बंगाल के यात्रियों के लिए भी नजदीकी विकल्प होगा। साहेबगंज पुल बनने के बाद साहेबगंज से भी लोग यहां उड़ान भरने आएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि एयरपोर्ट अथॉरिटी स्थानीय मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है और कुछ कामों में मिलावट भी देखी गई है, जिसकी शिकायत वे मंत्री से करेंगे।
यह भी पढ़ें- Bihar News: डिप्टी CM के दो वोटर आईडी कार्ड विवाद पर चिराग पासवान का बयान, बोले- चुनाव आयोग चाहे तो करे जांच
निर्माण समय पर पूरा होने का दावा
सीनियर मैनेजर (सिविल एविएशन) ओंकार नाथ सुमन ने बताया कि 15 अगस्त तक एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिससे तय समय पर 15 सितंबर से उड़ान संचालन शुरू हो सकेगा।