बिहार के पूर्णिया में बांस लगने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं, इस घटना में एक शख्स घायल भी हो गया, जिसे इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है। यह घटना नगर थाना क्षेत्र के बाघमारा के पास की बताई जा रही है। जहां बाइक से पूर्णिया आने के दौरान गले में बांस घुसने से घटनास्थल पर ही युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान श्रीनगर थाना क्षेत्र के हसैली खुट्टी निवासी मो. मुबारक के बेटे मो. कलीम (25) और घायल की पहचान असरफ अली के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि मो. कलीम और असरफ अली बाइक से पूर्णिया जरूरी काम से आ रहे थे। बाइक मो. कलीम चला रहे थे। पूर्णिया आने के दौरान जनता चौक स्थित बाघमारा के पास एक शख्स पैदल ही कंधे पर बांस लेकर जा रहा था। सड़क पार करने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर बांस की ओर चली गई। इससे बाइक चालक के गले में बांस घुस गया और इस हादसे से युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने इलाज के दौरान मो. कलीम को मृत घोषित कर दिया। जबकि एक युवक का इलाज पूर्णिया जीएमसीएच में ही चल रहा हैं। वहीं, परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव लेकर घर चले गए।
वहीं, के नगर थाना पुलिस ने बताया कि बाघमारा के पास एक युवक की बांस लगने से मौत होने की जानकारी मिली है। पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है।