किशनगंज जिले के ताराबारी गांव में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। बूढ़ी कनकई नदी के मरिया धार के किनारे मिट्टी खोदते वक्त मिट्टी का ढेर खिसक गया, जिससे एक युवती दब गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान ताराबारी के जैनो मेम्बर की बेटी गुलजबी बेगम के रूप में हुई है। घटना उस समय घटी जब गांव की कुछ महिलाएं घर की पोताई के लिए काली मिट्टी लेने नदी किनारे पहुंची थीं। मिट्टी खोदते वक्त अचानक एक बड़ा हिस्सा ढह गया और गुलजबी बेगम उसमें दब गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन मिट्टी के भारी दबाव के कारण युवती को समय रहते नहीं निकाला जा सका। जब तक उसे बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।