हथुआ नगर पंचायत क्षेत्र में दिनदहाड़े एक छात्र की गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा गोपालगंज पुलिस ने कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि छात्र की हत्या उसी के बड़े भाई के दोस्त ने कर दी थी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
लूट के बाद हत्या की रची गई थी साजिश
पुलिस के अनुसार, मृतक आशु आलम का भाई मेराज अली, उसका मौसेरा भाई मेराज आलम (निवासी रघुआ गांव, ऊंचकागांव थाना) और एक अज्ञात शूटर ने फुलवरिया से एक बाइक लूटी थी। इसके बाद मौसेरा भाई मेराज आलम लूटी गई बाइक लेकर फरार हो गया, जबकि मेराज अली और शूटर दूसरी बाइक से हथुआ के रास्ते अपने गांव लौट रहे थे।
यह भी पढ़ें:
बिहार के दो जिलों में बनेंगे कैंसर अस्पताल, अन्य जिलों में सुविधाओं के साथ किये जाएंगे विशेष इलाज
हथुआ पहुंचने पर मेराज अली ने अपने छोटे भाई आशु आलम को फोन कर रास्ते में बुला लिया। आशु यूनिक ब्रेन कोचिंग से निकलकर सड़क किनारे खड़ा हो गया। इसी दौरान बाइक पर सवार मेराज अली और शूटर वहां पहुंचे। बाइक मेराज अली चला रहा था और शूटर पीछे बैठा था। आशु ने भाई को देखकर बाइक रोकने का इशारा किया। तभी शूटर को लगा कि कोई उन्हें घेरने वाला है। घबराहट में उसने पिस्टल निकालकर आशु के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही आशु जमीन पर गिर पड़ा।
मौत के बाद हुआ सच्चाई का खुलासा
गोली मारने के बाद शूटर को जब यह पता चला कि वह जिस युवक को गोली मार चुका है, वह उसके मित्र मेराज अली का भाई था, तो वह घबरा गया। इधर स्थानीय लोगों ने घायल आशु को हथुआ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मृतक के भाई मेराज अली और मौसेरे भाई मेराज आलम को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब अज्ञात शूटर की तलाश में जुटी है।
क्या है पूरा मामला?
घटना मीरगंज थाना क्षेत्र के कालोपट्टी निवासी मुमताज आलम के 17 वर्षीय पुत्र आशु आलम की है। वह दोपहर में कोचिंग पढ़ने के लिए हथुआ के यूनिक ब्रेन कोचिंग गया था। कोचिंग से निकलते वक्त उसे उसके ही भाई ने फोन कर रास्ते में बुलाया, जहां पहले से घात लगाकर बैठे लोगों ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, हत्या का मुख्य कारण लूट की घटना और आपसी विवाद बताया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।