फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: दरभंगा में 15 जून से खुल जाएगा तारामंडल; उत्तर बिहार-नेपाल के लोग अंतरिक्ष की दुनिया से होंगे रूबरू

Fri, 02 Jun 2023 04:31 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दरभंगा

सार

15 जून के बाद आम लोगों के लिए दरभंगा के इस तारामंडल को खोल दिया जाएगा। इस खबर के बाद मिथिलांचल के लोगों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
विज्ञापन
तारामंडल सह विज्ञान संग्रहालय, दरभंगा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के दरभंगा में बना राज्य का दूसरा तारामंडल 15 जून से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इसे लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। अभी तक इस तारामंडल को केवल स्कूली बच्चों के लिए दो शो के लिए खोला जा रहा था। उसमें स्कूली बच्चों को रहस्यमयी ब्रह्मांड, तारा, ग्रह, आकाशगंगा और कई अन्य जानकारियां दी जा रही हैं। तारामंडल में घूमने वाले बच्चे ग्रह-नक्षत्रों के संसार को देख रोमांचित हो उठते हैं। यही नहीं, बच्चों को शो के जरिए ब्रह्मांड से जुड़ी सभी जिज्ञासाओं को शांत किया जाता है। ग्रह-नक्षत्र से जुड़े सारे प्रश्नों के जवाब ऑडियो और वीडियो के जरिए विशेषज्ञों द्वारा बताए जाते हैं।

विज्ञापन


दरअसल, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग बिहार सरकार के निदेशक उदयन मिश्रा ने तारामंडल-सह-ज्ञान एवं विज्ञान संग्रहालय, दरभंगा के निरीक्षण के बाद समीक्षा बैठक में फैसला लिया कि 15 जून 2023 से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इसमें रोजाना चार शो आयोजित होंगे। शो के सफल संचालन के लिए दो आयु वर्ग के लिए अलग-अलग दर को निर्धारित किया गया है। छह से 14 साल तक के बच्चे के लिए 2D शो शुल्क 20 और 3D शो के लिए 30 रुपये शुल्क लगेगा। वहीं, 15 साल से अधिक आयु वर्ग के लिए 2D शो शुल्क 50 और 3D शो के लिए 70 रुपये शुल्क देना पड़ेगा। छह साल से कम आयु वाले बच्चों के लिए निःशुल्क रहेगा।

प्रधानाध्यापक के स्तर से प्रेषित 20 स्कूली बच्चों के समूह को 2D के लिए 10 रुपये प्रति विद्यार्थी और 3D के लिए 20 रुपये प्रति विद्यार्थी, स्कूल/शैक्षणिक एवं अन्य संस्थानों द्वारा 150 सीट वाले ब्लॉक बुकिंग के लिए 2D के लिए 10 रुपये प्रति छात्र/दर्शक और 3D के लिए 20 रुपये प्रति छात्र/दर्शक शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही विदेशी पर्यटक और उनके साथ तीन साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए 2D के लिए 100 रुपये प्रति व्यक्ति और 3D के लिए 200 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क निर्धारित किया गया है।
विज्ञापन


तारामंडल प्रातः 10 बजे से अपराह्न छह बजे तक के 300 सीट के सभागार आरक्षण के लिए 30,000 रुपये और जीएसटी अतिरिक्त देय होगा। इसके साथ ही 5,000 रुपये सुरक्षित जमा राशि जमा करानी होगा।

दरभंगा जिले में निर्माणाधीन तारामंडल सह विज्ञान संग्रहालय का आधुनिक तरीके से निर्माण कराया जा रहा है। जो कि पूरी तरह से न्यूयॉर्क मॉडल पर आधारित है। इस तारामंडल का 164 करोड़ की लागत से निर्माण कराया जा रहा है। देखने में खूबसूरत तो है ही, आधुनिक भी है। ऊर्जा के लिए सोलर प्लांट के साथ-साथ तारामंडल में म्यूजियम के अलावा अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। यह तारामंडल अपने आप में अनूठा होने साथ ही बिहार का दूसरा सबसे बड़ा तारामंडल है। दरभंगा तारामंडल अमेरिकी वास्तुकार की परिकल्पना से तैयार किया गया है।

इस तारामंडल का 12 जनवरी को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उद्घाटन किया था। वर्तमान में स्कूली बच्चों के लिए शो का संचालन किया जा रहा है। इससे बच्चों को बहुत सारी सूचनाएं मिल रही हैं। स्कूली बच्चों में तारामंडल के प्रति उत्सुकता देखी जा रही है। लेकिन 15 जून के बाद आम लोगों के लिए इस तारामंडल को खोल दिया जाएगा। इस खबर के बाद मिथिलांचल के लोगों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। तारामंडल खुल जाने के बाद राजधानी पटना के बाद दरभंगा में तारामंडल, उत्तर बिहार और नेपाल के लोगों को ग्रहों और नक्षत्रों की दुनिया के अद्भुत संसार से रूबरू कराएगा।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें