नालंदा में हादसे के बाद अस्पताल में पहुंचे परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
नालंदा में तेज रफ्तार पिकअप वैन ने एक साथ तीन टेम्पो में टक्कर मार दी। इसमें टेम्पो सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि दर्जनों सवारी जख्मी हैं। घायलों में एक की हालत नाज़ुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना सरमेरा थाना क्षेत्र के केनार मोड़ पर हुई। टक्कर इतनी तेजी से लगी कि तीनो टेम्पो सड़क किनारे पलट गए। चीख-पुकार मच गई। बहुत मुश्किल से घायलों ने खुद को निकालने की कोशिश की, हालांकि इसी बीच दौड़कर पहुंचे लोगो ंने मदद शुरू कर दी। घायलों को निकालते समय ही लग रहा था कि किसी न किसी की जान जरूर जाएगी। महिला ने अस्पताल पहुंचने के पहले दम तोड़ दिया।
स्नान के लिए जाते समय ही हुई दुर्घटना
पीड़ित के परिजनों ने बताया कि सभी लोग अलग-अलग गांवों से माघी पूर्णिमा के मौके पर बख्तियारपुर-बाढ़ के बीच गंगा स्नान को जा रहे थे। सुबह करीब सात बजे पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन तीनों टेम्पो को जोरदार टक्कर मारती हुई तेजी से भाग गई। टक्कर के कारण टेम्पो सड़क किनारे गड्ढे में पलटने पर यात्रियों को जहां-तहां गंभीर चोटें आईं। शेखपुरा निवासी एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक पुरुष को नाजुक स्थिति में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। मृतक महिला की पहचान शकुंती देवी (45) पति शरण दास (मनिंडा, शेखपुरा) के रूप में बताई गई। वह गांव में भक्तिनी के रूप में चर्चित थी और यही सभी को गांव से बाढ़ गंगा स्नान के लिए ले जा रही थी।
बाकी का प्राथमिक इलाज चल रहा, एक रेफर
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों का प्राथमिक उपचार करवाया। पुलिस ने मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है और क्षतिग्रस्त टेम्पो को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।