पटना में सिलबट्टे से कूचकर पत्नी की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के मछली गली में मंगलवार की देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पति ने पत्नी पर सिलबट्टे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल अवस्था में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पति-पत्नी के बीच विवाद बना घटना की वजह
सचिवालय SDPO-2 साकेत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पति-पत्नी के आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। जानकारी के अनुसार, मृतका एक धार्मिक साई शोभायात्रा में शामिल होने गई थी, जिसको लेकर पति नाराज था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले से तनाव चल रहा था और मंगलवार की रात यह विवाद बढ़ गया।
गुस्से में उठाया सिलबट्टा, अस्पताल में मौत
बताया गया कि बहस के दौरान गुस्से में आकर पति ने घर में रखा सिलबट्टा उठाकर पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
पढ़ें- जाली नोट मामला: हरियाणा पुलिस-बिहार STF ने मारा छापा, पुलिस हिरासत में पूर्व भाजपा प्रवक्ता पंकज लाल और दंपती
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से खून से सना सिलबट्टा बरामद किया और घर के अंदर व आसपास से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।
बेटी का जन्म होने से भी था नाराज
बताया गया कि प्रीति कुमारी (19) की शादी विजेंद्र कुमार से लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। एक माह पहले ही प्रीति कुमारी ने एक बेटी को जन्म दिया था। मृतका की मां उर्मिला देवी ने आरोप लगाया है कि बेटी के जन्म से भी विजेंद्र कुमार नाराज था। आरोपी पति मूल रूप से जहानाबाद जिले का रहने वाला बताया जा रहा है और कुछ समय से पटना के शास्त्री नगर इलाके में रह रहा था।