किस फेज़ में चुनाव है और किस तारीख को मतदान है? इन दो सवालों का जवाब लोग जानना चाहते हैं, क्योंकि मताधिकार का प्रयोग भी कर सकें और इसी बहाने अवकाश भी मिले। राजधानी पटना में वोट प्रतिशत गिरने की एक वजह भी यही रही है कि लोग मतदान के दिन को अवकाश का दिन मानते हैं। लेकिन, इस बार संशय में हैं। वजह यह कि पटना शहर में कई विधानसभा क्षेत्र हैं। खासकर, एक तरफ दीघा, दूसरी तरफ कुम्हरार और बीच में बांकीपुर। कहां से कहां तक बांकीपुर है, यह समझना आसान इसलिए आसान नहीं क्योंकि कहीं सड़क तो कहीं नाले के इस पार और उस पार से क्षेत्र बदल रहा है। जो वोटर हैं, वह तो जान चुके हैं। लेकिन, कार्यालयों-दुकानों को लेकर बहुत संशय है। तो, आइए हर सवाल का जवाब जानते हैं।
बांकीपुर क्षेत्र में कार्यालय-दुकान सहित सभी प्रतिष्ठान बंद रहेंगे
30 जुलाई को सुबह से मतदान शुरू होगा और शाम में जब निर्धारित समय तक कतार में लग चुके लोग मतदान केंद्र पर रहेंगे- वोटिंग चलती रहेगी। शाम में दुकानें खुल सकेंगी, लेकिन ईवीएम स्ट्रांग रूम के रास्तों पर प्रतिबंध रहेगा। यानी, बोरिंग रोड चौराहा, मोहिनी चौराहा, पाटलिपुत्रा गोलंबर या अटल पथ आदि से एएन कॉलेज की ओर जाने वाले रास्तों पर प्रतिबंध रहेगा। यह ताे रही शाम की बात। अब असल सवाल पर आते हैं, जिसका जवाब यह है कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के दायरे में जो भी कार्यालय, दुकान या किसी भी तरह के प्रतिष्ठान होंगे- वहां गुरुवार को अवकाश रहेगा।
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का दायरा यहां समझें
पटना कॉलेज, पटना कॉलेज घाट, पटना मेडिकल कॉलेज से बिहार उर्दू अकादमी और देवी स्थान का इलाका इसके अंदर आता है। इससे पश्चिम की ओर बढ़ेंगे तो मिश्री घाट, सिविल कोर्ट घाट, महेंद्रु घाट, बीएन कॉलेज घाट, अंटा घाट और इससे सटे पटना मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल, श्री राधा कृष्ण मंदिर, बांकीपुर पोस्ट ऑफिस, सेंट जोसेफ कॉन्वेंट हाई स्कूल, सिविल कोर्ट, बीएन कॉलेज आदि अशोक राजपथ से सटे हिस्सों में कल मतदान होना है। अब एक तरफ जहां तक गंगा है, मैनपुरा तक का सारा क्षेत्र बांकीपुर के दायरे में आता है।
आनंदपुरी, श्री कृष्णा पुरी मैं पाटलिपुत्र स्कूल ऑफ़ मास कम्युनिकेशन, एन कॉलेज से लेकर सहदेव महतो मार्ग, डॉ जाकिर हुसैन इंस्टीट्यूट, ऑफीसर्स फ्लैट, पटना विमेंस कॉलेज, बिहार कर्मचारी बीमा निगम आदि का क्षेत्र भी बांकीपुर विधानसभा के दायरे में है। कोतवाली से पश्चिम दीघा विधानसभा आ जाता है, जबकि कोतवाली चौक, मौर्य लोक कंपलेक्स, न्यू डाक बांग्ला रोड, बुद्ध मार्ग, न्यू मार्केट, पटना जंक्शन, फ्रेजर रोड, बंदर बगीचा आदि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में हैं। इसके बाद रेलवे लाइन के एक तरफ मीठापुर, यारपुर, जक्कनपुर आदि का हिस्सा बांकीपुर में आता है।
भिखारी ठाकुर पुल से यारपुर की तरफ उतरने पर गर्दनीबाग रोड नंबर 1 के पहले का हिस्सा बांकीपुर में और दूसरी तरफ का हिस्सा दीघा विधानसभा क्षेत्र में आता है। यही कारण है की झुनझुन महल की तरफ केपीएस मेमोरियल हाई स्कूल, जीबी पब्लिक स्कूल, जक्कनपुर कॉलोनी, जयप्रकाश नगर से लेकर दशरथा, सिपारा होकर विग्रहापुर, नवरतनपुर, नंदलालपुर पोस्टल पार्क चांदमारी तक बांकीपुर की सीमा है। इस तरह कंकड़बाग का छोटा सा हिस्सा, जो चिरैयाटांड़ पुल के आसपास है, बांकीपुर क्षेत्र में आता है। कंकड़बाग के ज्यादातर हिस्से कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र के अंदर हैं। उधर, पूरा कदमकुआं, लोहानीपुर पीरमुहानी, लालजी टोला, दरियापुर, बाकरगंज, सब्जीबाग, भंवर पोखर, सालिमपुर अहरा, गांधी मैदान, एग्जिबिशन रोड आदि बांकीपुर क्षेत्र में ही आते हैं।
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के वोटर्स को अवकाश
नियमानुसार इस क्षेत्र के दायरे में रहने वाले सभी वोटर छुट्टी के लिए अधिकृत हैं, भले ही उनका कार्यालय या प्रतिष्ठान बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में नहीं आता हो। यानी, जो बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से बाहर भी कार्यालय-प्रतिष्ठान में कार्यरत हैं, वह अगर कल वोट डालने वाले हैं तो उन्हें अवकाश मिल जाएगा।
मतगणना के दिन नहीं अवकाश, एएन कॉलेज के पास बंद
मतगणना 3 अगस्त को है। इस दिन एएन कॉलेज की तरफ वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इस तरफ दुकानें तो हैं, लेकिन सरकारी कार्यालय कम हैं। प्राइवेट कार्यालयों में भी कामकाज बंद रहेगा, क्योंकि इस तरफ सामान्य आवाजाही पर रोक होती है। वाहनों की तो बिल्कुल नहीं। ऐसे में बोरिंग रोड चौराहा या मोहिनी चौराहे या पाटलिपुत्र गोलंबर आदि से एएन कॉलेज की तरफ जाना मुसीबत भरा भी होता है तो कार्यालय-प्रतिष्ठान बंद कर दिए जाते हैं। इस दिन चुनाव के नाम पर छुट्टी नहीं रहती है। जिनकी चुनावी ड्यूटी लगी है, वह भी मतगणना के दिन छुट्टी पर नहीं रहेंगे। जिनकी मतगणना में ड्यूटी है, उनके लिए एएन कॉलेज का रास्ता खुला रहेगा। इसके लिए जारी पहचान पत्र से ही आवाजाही संभव है।