पटना जिले के बाढ़ थाना अंतर्गत दयाचक मोहल्ला स्थित पुरानी पोस्ट ऑफिस गली में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक महिला अंजलि देवी को अंधविश्वास के कारण बुरी तरह से पीटा गया। किसी तरह महिला की जान बच पाई। पीड़िता के अनुसार, वह अपनी दुकान पर बैठी थी। तभी 8 से 10 लोग वहां आ धमके, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं। सभी ने मिलकर अंजलि पर डायन होने का आरोप लगाते हुए भद्दी गालियां देनी शुरू कर दीं।
विरोध करने पर बेरहमी से पिटाई
विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान अंजलि देवी दर्द से कराहते हुए मौके पर ही बेहोश हो गई। लोगों ने उसे मृत समझ लिया और मौके से फरार हो गए। इसके बाद परिजन आनन-फानन में अंजलि को लेकर बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पहले भी हो चुकी है मारपीट
पीड़िता ने बताया कि उसकी मौसी और मामी समेत पांच महिलाओं ने मिलकर तीन नकाबपोश युवकों के साथ उसकी दुकान पर पहुंचकर उस पर डायन होने का आरोप लगाया। इससे पहले भी दो बार उसे डायन बताकर मारपीट की जा चुकी है।
ये भी पढ़ें:
बगीचे में आम चुनने गई सात साल की मासूम से मक्के के खेत में हैवानियत, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस जांच में जुटी, वीडियो आया सामने
पीड़िता के परिवार ने बाढ़ थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, मारपीट के समय का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस के सामने पीड़िता के साथ मारपीट की जा रही है। दीपक कुमार ने बताया कि जब वह घर पहुंचे तो देखा कि उनकी पत्नी बेहोश पड़ी है। पूछने पर पीड़िता ने बताया कि उसे डायन बताकर रिश्तेदारों और उनके साथ आए कुछ लोगों ने मारपीट की है। उसकी मौसी और मामी उस पर उसके बच्चे को खाने का आरोप लगाती हैं और इसी बहाने उसके साथ मारपीट करती रहती हैं।