आरोपियों के घर कार्रवाई करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
रोहतास जिले में सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरादाबाद गांव में बीते 24 मार्च को दिनदहाड़े हुई एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार की शाम तीन फरार अभियुक्तों का घर कुर्क कर दिया। एक तरफ पुलिस की इस कार्रवाई से जहां पूरे गांव में हड़कंप मच गया, वहीं दूसरी ओर लोगों ने इस कदम की खूब सराहना की।
बीते 24 मार्च को सरेआम बीच सड़क हुई हत्या
बता दें कि बीते 24 मार्च को मुरादाबाद गांव में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति की दिनदहाड़े सड़क पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। वहीं घटना का एक वीडियो भी खूब वायरल हुआ , जिसके बाद रोहतास पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे। हालांकि पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन घटना में संलिप्त अन्य आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं।
पति की हत्या के बाद पत्नी ने की आत्महत्या
वहीं पति हसन रजा की सरेआम हत्या के बाद पत्नी रेशमा खातून ने मानसिक तनाव में आकर अपने दो मासूम बच्चों संग जहर खा लिया। हालांकि दोनों बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर है, लेकिन मंगलवार की देर रात पत्नी की वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई।
भारी पुलिस बल के साथ हुई कार्रवाई
कुर्की जब्ती के दौरान बुधवार की शाम गांव में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही। न्यायालय के आदेश पर सदर एसडीपीओ दो कुमार वैभव के नेतृत्व में पुलिस ने फरार अभियुक्तों के घरों की कुर्की शुरू की और इस दौरान घर के दरवाजे, खिड़की तथा अन्य कीमती सामानों को जब्त कर लिया गया। वहीं कुर्की के दौरान गांव में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा रही।
ये भी पढ़ें:
वीडियो बनाया तो बनाया निशाना, बेतिया में नाबालिग की थाने में पिटाई, सच बताने पर गोली मारने की धमकी
नहीं बख्शे जाएंगे दोषी
एसडीपीओ कुमार वैभव ने बताया कि हत्या मामले में चार गिरफ्तारियां पहले हीं हो चुकी हैं, लेकिन तीन आरोपियों ने आत्मसमर्पण नहीं किया, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर उनके घरों की कुर्की की गई है। जानकारी के अनुसार तीनों फरार आरोपी आपस में सगे भाई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि रोहतास पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।