रोहतास जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कटार गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। अवैध संबंध के शक में एक युवक ने अपने साढ़ू को पहले गोली मारी और फिर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घायल अवस्था में साढ़ू को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज वाराणसी रेफर कर दिया गया है।
अन्नप्राशन के मौके पर रिश्ते हुए लहूलुहान
जानकारी के मुताबिक, यह वारदात रविवार को उस वक्त घटी जब आरोपी आशीष कुमार के बच्चे का अन्नप्राशन समारोह चल रहा था। कार्यक्रम में उसका साढ़ू रितेश रंजन उर्फ सोनू कुमार भी शामिल हुआ था। रितेश, चेनारी थाना क्षेत्र के रेरिया गांव का निवासी है और फिलहाल कटार में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, समारोह के दौरान ही आरोपी आशीष ने रितेश को कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया जिससे वह आपा खो बैठा।
यह भी पढ़ें- Bihar: हम पार्टी के झंडे और हथियार संग युवक का वीडियो सामने आया, राजद ने मांझी से मांगा जवाब; JDU का ऐसा रुख
गोली मारने के बाद चाकुओं से किया ताबड़तोड़ हमला
गुस्साए आशीष ने पहले रितेश पर पिस्तौल से गोली चलाई, जो उसके सीने में लगी। इसके बाद उसने चाकू निकालकर रितेश पर कई बार वार किए। हमले में रितेश गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से रितेश को पहले डेहरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत वाराणसी रेफर कर दिया।
पत्नी के जीजा से संबंधों पर था शक
मामले की तह में जाने पर पता चला कि आशीष की पत्नी कुछ समय पहले एक बच्चे की मां बनी थी और तब से वह अपने मायके में रह रही थी। आशीष को शक था कि उसकी पत्नी का उसके साढ़ू रितेश रंजन के साथ अवैध संबंध है। यही शक दोनों पति-पत्नी के बीच तनाव का कारण बन गया था। इस मानसिक तनाव ने अंततः इस वीभत्स वारदात को जन्म दिया।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को दबोचा
अन्नप्राशन कार्यक्रम में अचानक हुई इस हिंसक घटना के बाद समारोह में हड़कंप मच गया। गोलियों की आवाज सुनकर मौजूद लोगों ने तुरंत आरोपी को दबोच लिया और पुलिस को सूचित किया। इंद्रपुरी थाना पुलिस व पूरक थाना बल मौके पर पहुंची और आरोपी आशीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त पिस्तौल और चाकू भी बरामद कर लिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- Bihar Weather: फिर से झुलसाने लगी गर्मी, सात जिलों का पारा पहुंचा 40 डिग्री पार; 11 जून से राहत मिलने के आसार
घटना के बाद डेहरी के एएसपी कोटा किरण कुमार ने जानकारी दी कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी आशीष के बयान और अन्य गवाहों के आधार पर पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश की जा रही है। घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसके बयान के बाद कई अहम खुलासे होने की संभावना है।