पुलिस की गिरफ्त में तीनों आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
रोहतास जिले में स्वर्ण व्यवसायी सूरज कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। डेहरी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसपी रोशन कुमार ने बताया कि इस जघन्य अपराध का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। मामले में तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
हत्या की साजिश और कारण
एसपी के अनुसार, हत्या की साजिश मुख्य आरोपी प्रदीप कुमार सोनी ने रची थी। सूरज कुमार और प्रदीप के बीच पुराने व्यापारिक संबंध थे। सूरज कुमार की मेहनत और लगन के कारण उनके ग्राहक तेजी से बढ़ रहे थे, जिससे प्रदीप के व्यापार पर असर पड़ रहा था। इसके अलावा, प्रदीप को यह भी खल रहा था कि सूरज उसके ग्राहकों को अपने पक्ष में कर रहा था। सूरज का प्रदीप की विधवा बहन के घर पर आना-जाना भी साजिश का कारण बना, जिससे प्रदीप की सामाजिक प्रतिष्ठा पर असर पड़ रहा था। इन कारणों से नाराज होकर प्रदीप ने सूरज की हत्या की सुपारी पेशेवर अपराधी सुरेश चौरसिया को 1.5 लाख रुपये में दी थी।
बाइक सवार बदमाशों ने मारी थी गोली
जानकारी के मुताबिक, 22 अगस्त को बड्डी मोड़ के पास अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधियों ने सूरज कुमार को गोली मार दी थी। इस हमले में स्वर्ण व्यवसायी की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना में कुल पांच अपराधी शामिल थे।
गिरफ्तार आरोपी और उनके आपराधिक इतिहास
पुलिस ने अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें सुरेश चौरसिया सुपारी लेकर हत्या को अंजाम देने वाला मुख्य अपराधी है। जबकि प्रदीप कुमार सोनी हत्या का मास्टरमाइंड और साजिशकर्ता है। वहीं, असगर साह ने इस घटना में लाइनर की भूमिका निभाई थी। गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास पहले से ही लंबा-चौड़ा है। इनमें से सत्येंद्र कुमार चौधरी पहले भी बाइक चोरी और हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस अब भी इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। उनके संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही है और जल्द ही बाकी अपराधियों को भी गिरफ्तार किए जाने की संभावना है।