रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र के उगहनी गांव में सोमवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव निवासी विकास प्रजापति की 23 वर्षीय पत्नी शशिकला कुमारी के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया।
गहनों को लेकर होता था विवाद
मृतका के पिता संतोष कुमार प्रजापति ने बताया कि वर्ष 2021 में उन्होंने अपनी बेटी शशिकला की शादी विकास प्रजापति से की थी। शादी के एक वर्ष बाद से ही सास और जेठानी के साथ गहनों को लेकर विवाद होने लगा था। उन्होंने आरोप लगाया कि सोमवार को इसी विवाद के चलते सास और जेठानी ने शशिकला की गला दबाकर हत्या कर दी।
पढ़ें: 'अब बहुत हो गया, पाकिस्तान पर उठाने होंगे सख्त कदम'...पहलगाम हमले पर राज्यपाल बिफरे
पति गिरफ्तार, जांच जारी
चेनारी थाने के चौकीदार बबन पासवान ने बताया कि महिला की मौत को लेकर परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के पति पिंटू कुमार उर्फ विकास प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तेज की जाएगी।