राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की राह पर उनके बेटे भी चल रहे हैं। बिहार चुनाव में अभी छह महीने की देर है, लेकिन लालू के छोटे बेटे तेजस्वी यादव अभी से महागठबंधन सरकार की तैयारी कर रहे हैं। बड़े बेटे तेज प्रताप यादव तो इस बात को लेकर इतने आश्वस्त हैं कि उन्होंने अपनी उस सरकार में पटना के जिलाधिकारी का नाम भी फाइनल कर लिया है।
बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर आए थे। वह यूपीएससी में 141 में रैंक लाने वाले बिदुपुर प्रखंड निवासी प्रिंस राज के सम्मान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए तो इसी दौरान लोगों को संबोधित भी किया। तेज प्रताप यादव ने प्रिंस राज को कहा कि अभी तो आप ट्रेनिंग में जाइएगा, तब तक हम बिहार में सरकार बनाने का काम करेंगे। फिर आपको पटना का डीएम हम बनवाएंगे। तेज प्रताप यादव यहीं नहीं रुके। तेज प्रताप यादव ने कहा कि सामाजिक न्याय की जीत असल में अभी हुई है।
तेज प्रताप ने कहा- "पहले हम लोगों के बाप-दादाओं के साथ जिस तरीके का व्यवहार होता था, भली-भांति सब लोग जानते हैं। हमलोग मेहनत कर चाहे जिस लाइन में जाएं, दूसरे राज्य के लोग हमें हीन भावना से देखने का काम करते हैं। बिहार में वह बात है जो प्रिंस राज ने यह साबित कर दिया। किस तरीके से इन्होंने इसकी तैयारी की, इसके लिए मेहनत किया और हर तरीके की परेशानियों का सामना कर यहां तक पहुंचे हैं। मेरी और संगठन की तरफ से इनको बहुत-बहुत बधाई।" यह कार्यक्रम हाजीपुर के गांधी आश्रम स्थित एक निजी मैरिज हॉल में आयोजित किया गया था। पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव के सामने मंच पर प्रिंस राज और उनके माता-पिता भी मौजूद थे। तेज प्रताप यादव ने प्रिंस राज के साथ उनके माता-पिता को भी पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया और बधाई दी। राजद कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह पर तेज प्रताप का स्वागत किया।