पुलिस मामले की जांच में जुट गई है
- फोटो : अमर उजाला
रोहतास जिले के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव से एक नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना बीते रविवार की है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना के आरोपी तीन विधि विरुद्ध बालक भी निरुद्ध किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, सासाराम के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते रविवार को स्थानीय चार युवक नाबालिग लड़की को बहला-फुसला कर ले गए। फिर किसी अनजान जगह ले जाकर उससे दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें- Bihar News:कंबाइन हार्वेस्टर मशीन से कटीं दो महिलाएं, मौके पर ही मौत; दर्दनाक हादसे से मचा हड़कंप
चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
चारों आरोपियों के छोड़ने के बाद पीड़िता ने जब घर आकर अपने माता-पिता को पूरी घटना की जानकारी दी तो सभी हैरान रह गए। इसके बाद उन्होंने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का मन बना लिया। लेकिन इसी बीच आरोपियों द्वारा लगातार पीड़िता के परिवार पर दबाव बनाया जा रहा था, जिसके कारण मामला कुछ दिन दबा रहा। हालांकि पीड़ित परिवार ने अंततः चारों आरोपियों के खिलाफ मुफस्सिल थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें- Bihar News:तनिष्क शोरूम में लगी भीषण आग, कुछ ही दिन पहले हुई थी बिहार की सबसे बड़ी लूट!
पुलिस ने चारों आरोपियों को पकड़ा
नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को पकड़ लिया। इनमें गुड्डू कुमार सहित तीन विधि विरुद्ध बालक शामिल हैं। मामले को लेकर मुफस्सिल थानाध्यक्ष रोशन कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के गांव में नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने गांव के ही गुड्डू कुमार नामक एक युवक को गिरफ्तार किया है और घटना के आरोपी तीन विधि विरुद्ध बालक भी निरुद्ध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पीड़ित युवती की मेडिकल जांच कराई गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।