रोते-बिलखते परिजन और मौके पर पहुंचे स्थानीय
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के रोहतास जिले के तिलौथू थानाक्षेत्र के बहेरा गांव के बधार में गुरुवार देर रात धारदार हथियार से एक किसान की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बहेरा गांव निवासी दिवंगत रामप्यारी यादव के बेटे महेंद्र यादव (35) के रूप में की गई है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची तिलौथू थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की पुष्टि करते हुए एसपी विनीत कुमार ने बताया कि तिलौथू थाना अंतर्गत महेंद्र यादव (35) पिता दिवंगत रामप्यारी यादव निवासी ग्राम बहेरा की हत्या की सूचना मिली है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, किसान महेंद्र यादव रात में अपने खेत पर पटवन करने गया था और देर रात तक घर नहीं लौटा। वहीं, सुबह ग्रामीणों ने बधार में शव पड़ा देखा तो परिजनों को सूचना दी। गांव में बात फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलने के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों और परिजनों में घटना को लेकर आक्रोश था। उनका कहना था कि महेंद्र की किसी से दुश्मनी नहीं थी। मौके पर पहुंचे तिलौथू थानाध्यक्ष ने परिजनों को समझा-बुझा कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
तिलौथू थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। अभी हत्या को लेकर कुछ भी कहा नहीं जा सकता है। घटनास्थल पर कदमों के निशान देखे गए हैं। जरूरत पड़ने पर डॉग स्क्वाड की टीम भी बुलाई जाएगी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेजा जा रहा है।