बिहार में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधान पार्षद डॉ. राहुल राज ने शिक्षकों की समस्याओं को लेकर अपनी सक्रियता शुरू कर दी है। शनिवार को उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर शिक्षक समुदाय की वर्षों से लंबित मांगों, सेवा संबंधी मुद्दों और अधिकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी का मार्गदर्शन भी रहा। राहुल राज ने मुख्यमंत्री से शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल करने का आग्रह किया।
27 अक्टूबर को चुनाव जीतकर पहुंचे विधान परिषद
उल्लेखनीय है कि 27 अक्टूबर 2026 को हुई मतगणना के बाद डॉ. राहुल राज सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान पार्षद निर्वाचित हुए थे। उन्होंने चुनाव में एनडीए समर्थित प्रत्याशी आनंद पुष्कर को पराजित किया था। निर्वाचन के बाद से ही शिक्षकों की समस्याओं और उनकी लंबित मांगों को लेकर उनकी सक्रियता सामने आने लगी है।
मुख्यमंत्री के सामने रखे शिक्षकों के मुद्दे
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं, उनके अधिकारों, सेवा संबंधी विषयों और वर्षों से लंबित मांगों पर चर्चा हुई। राहुल राज ने शिक्षक समुदाय की अपेक्षाओं और परेशानियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से शिक्षक अपने जायज अधिकारों और सुविधाओं से जुड़े मुद्दों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ऐसे में सरकार को इन विषयों पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने समस्याओं पर विचार का आश्वासन दिया
बताया गया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षकों की समस्याओं और उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इनके समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस आश्वासन के बाद शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई जा रही है।
'शिक्षक समाज का सम्मान और अधिकार प्राथमिकता'
मुलाकात के बाद नवनिर्वाचित विधान पार्षद राहुल राज ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में शिक्षकों की लंबित मांगों को पूरा करने की दिशा में ठोस पहल होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान, उनके अधिकार और भविष्य की सुरक्षा उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
राहुल राज ने कहा कि शिक्षक हित में उनका प्रयास किसी व्यक्तिगत उद्देश्य तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे शिक्षक समाज के सम्मान, अधिकार और हितों के लिए है। शिक्षकों ने जिस भरोसे के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिक्षकों की समस्याओं को लगातार सरकार और संबंधित मंचों पर उठाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद डॉ. राहुल राज पटना स्थित भाजपा कार्यालय भी पहुंचे। उल्लेखनीय है कि राहुल राज पूर्व में भाजपा से जुड़े रह चुके हैं। भाजपा कार्यालय पहुंचने के दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।