रोहतास जिले के सासाराम स्थित मंडल कारा में बंद एक विचाराधीन कैदी की शनिवार को सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान रोहतास थाना क्षेत्र के सतगलिया गांव निवासी 40 वर्षीय मिथिलेश भुइयां के रूप में हुई है। घटना के बाद जेल प्रशासन और परिवार में कोहराम मच गया है तथा परिजन निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
शराब से जुड़े मामले में था बंद
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि मृतक को शराब से जुड़े एक मामले में कुछ दिन पूर्व गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल में रहने के दौरान बीते बुधवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद जेल प्रशासन ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
मृतक की मौत के बाद परिजनों ने कई सवाल खड़े करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। इतना ही नहीं, जेल में बंद विचाराधीन कैदी की मौत ने जेल प्रशासन और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कैदी की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
ये भी पढ़ें:
बिहार में उद्योगों की बंपर एंट्री! ₹350 करोड़ निवेश से 2300 युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के दरवाजे
मौत को लेकर सिविल सर्जन ने क्या कहा?
वहीं सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने शुरुआती जांच में कैदी की मौत के पीछे मानसिक और शारीरिक अस्वस्थता को जिम्मेदार बताया है। सिविल सर्जन का कहना है कि चिकित्सकों के अनुसार मिथिलेश भुइयां मानसिक रूप से अस्वस्थ था। सदर अस्पताल में हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया था, लेकिन इसी बीच उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है तथा जेल प्रशासन की ओर से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।