पटना में बाइक चोरी गैंग का भंडाफोड़
- फोटो : अमर उजाला
पटना जिले में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दानापुर पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक गैंग का पर्दाफाश किया है। इस गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई चोरी की बाइकें बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, यह गैंग मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें नेपाल और अन्य इलाकों में कम दाम पर बेच देता था। गैंग के सदस्य मास्टर चाबी का उपयोग कर बाइक चोरी करते थे और फिर उन्हें किसी नजदीकी हॉस्पिटल में चेन से बांधकर छोड़ देते थे। जब ग्राहक तैयार हो जाता, तो बाइक को वहीं से निकालकर नेपाल भेज दिया जाता।
SIT ने की कार्रवाई, CCTV से हुई पहचान
आरपीएस मोड़ के पास हुई एक बाइक चोरी की घटना के बाद इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और CCTV फुटेज के आधार पर दो अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- सुधांशु कुमार सिंह, पिता - रतन कुमार सिंह, निवासी - नयागांव डंका ईमली, थाना - आलमगंज, पटना।
-
- लाडले मुख्तार, पिता - स्व. अब्दुल रशीद, निवासी - केदारनाथ मठ लेन, वार्ड नं-52, नियर ज्ञानस्थली स्कूल, थाना - आलमगंज, पटना।
पुलिस ने बताया कि सुधांशु कुमार सिंह का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पूर्व में भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।
ये भी पढ़ें: जहानाबाद में डायरिया का कहर जारी, काको बाजार के अधेड़ की मौत, परिजनों ने बीमारी को बताया कारण
गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
सिटी एसपी वेस्ट भानुप्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने चोरी की कई बाइक और अन्य सामग्री भी जब्त की है। अधिकारियों के अनुसार, यह गैंग बड़े स्तर पर संगठित तरीके से काम करता था, और इसके कनेक्शन बिहार के अलावा सीमावर्ती राज्यों व नेपाल तक फैले हुए हैं। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।