पटना के दानापुर थाना क्षेत्र के ताराचक से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मां ने अपने ही बेटे की किडनैपिंग की साजिश रच डाली। पैसे के लालच में उसने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर बच्चे का अपहरण करवाया और पति से 21 लाख रुपये की फिरौती की मांग की।
घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित पिता सुनील कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके बेटे का अपहरण कर लिया गया है और अज्ञात अपहरणकर्ताओं ने फोन कर बच्चे की रिहाई के बदले बड़ी रकम की मांग की है।
एसआईटी ने 6 घंटे में किया खुलासा, मां समेत पांच गिरफ्तार
दानापुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पश्चिमी सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सिर्फ छह घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि अपहरण की पूरी योजना खुद बच्चे की मां अंजू देवी ने बनाई थी। इस साजिश में उसके परिवार के अन्य सदस्य मौसी संजू देवी (गुलजारबाग, पटना), मौसा पंकज महतो, मामा रेविन्स महतो और पड़ोसी अनिल महतो भी शामिल थे। पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- Bihar Election: तेज प्रताप यादव ने छोटे भाई तेजस्वी को किया अनफॉलो, 13 अक्तूबर को उतारेंगे अपने प्रत्याशी
रिश्तों को कलंकित करने वाली घटना से इलाके में सनसनी
इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोई मां पैसे के लिए अपने ही बच्चे की जिंदगी से इस तरह खिलवाड़ कर सकती है, यह सोच से परे है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में अंजू देवी ने माना है कि वह आर्थिक संकट में थी और पति से पैसे पाने के लिए यह योजना बनाई थी। फिलहाल पुलिस सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है ताकि साजिश के पीछे की पूरी पृष्ठभूमि सामने लाई जा सके।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बची बच्चे की जान
पश्चिमी सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि यह मामला बेहद संवेदनशील था। उन्होंने कहा कि दानापुर पुलिस की तत्परता और एसआईटी की तेज कार्रवाई से बच्चा सुरक्षित मिल गया। इतनी कम समय में साजिश का खुलासा होना पुलिस की दक्षता को दर्शाता है। एसपी ने यह भी कहा कि इस तरह के मामलों में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह परिवार का सदस्य ही क्यों न हो।
यह भी पढ़ें- Bihar: जमुई में हाईवोल्टेज प्रेम ड्रामा, 80 दिन बाद शादी कर लौटा युवक, पहली पत्नी ने थाने में मचाया हंगामा