बंगाल एसटीएफ और बिहार पुलिस ने दुकान को किया सील
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी पटना में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सूबे की सबसे बड़ी मोबाइल मंडी पॉश इलाके हरि निवास कॉम्प्लेक्स को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। बंगाल एसटीएफ, बिहार एसटीएफ और पटना जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने इस इलाके में छापामारी की। इस कार्रवाई में एक करोड़ 33 लाख रुपये मूल्य के चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। साथ ही दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़ें- Bihar Election: चुनावी कार्यकर्ताओं के लिए दिल्ली में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू, कौन-कौन अधिकारी हो रहे शामिल?
दरअसल, मामला पश्चिम बंगाल में दर्ज एक हाई प्रोफाइल मोबाइल चोरी कांड से जुड़ा है। बीते दिनों फ्लिपकार्ट के एक कंटेनर से 1.33 करोड़ रुपये के मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए थे। इस मामले में बंगाल एसटीएफ की टीम लगातार जांच में जुटी हुई थी। मोबाइल फोन की डिजिटल ट्रैकिंग के दौरान जब उनके लोकेशन की पुष्टि बिहार की राजधानी पटना में हुई, तब बंगाल एसटीएफ ने तुरंत बिहार पुलिस से संपर्क किया।
इसके बाद कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित हरि निवास कॉम्प्लेक्स की एक दुकान सगुण इंटरप्राइजेज में संयुक्त रूप से छापामारी की गई। छापामारी के दौरान दुकान से चोरी हुए मोबाइलों का बड़ा स्टॉक बरामद हुआ, जिसे फ्लिपकार्ट के कंटेनर से चुराया गया था। इस दौरान दो संदिग्धों को भी मौके से गिरफ्तार किया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
कड़ी सुरक्षा और जांच की पुख्ता तैयारी
इस छापामारी को बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया था। पूरे हरि निवास परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। एसटीएफ के जवानों ने सटीक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया। छापामारी के दौरान दुकान में रखे गए दर्जनों महंगे मोबाइल फोन जब्त किए गए, जिनमें से अधिकतर की पहचान चोरी हुए फोन के तौर पर की गई है।
यह भी पढ़ें- Bihar: दरभंगा में एम्स निर्माण कार्य शुरू, पहले फेज में भूमि की घेराबंदी का काम जारी; मंत्रियों ने लिया जायजा
जांच में जुटी पुलिस, दुकान को किया गया सील
घटना की पुष्टि डीएसपी विधि-व्यवस्था-1 ने की है। उन्होंने बताया कि छापामारी पूरी तरह से योजनाबद्ध थी और चोरी गए मोबाइल फोन की रिकवरी करना प्राथमिकता थी। फिलहाल सगुण इंटरप्राइजेज को सील कर दिया गया है और पुलिस टीम दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।