जनता दल यूनाईटेड में सबकुछ ठीक नहीं है। अब तक तक जदयू के विधायक अनंत सिंह और एमएलसी नीरज कुमार के बीच सियासी घमासन जारी है। आज अनंत सिंह जनसुराज के उम्मीदवार के साथ सामने आए। जनसुराज के उम्मीदवार की जीत का दावा किया और साफ कह दिया कि वह नीरज कुमार का विरोध करेंगे। आइये जानते हैं पूरी बात...
बिहार की राजनीति में विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। जदयू विधायक अनंत सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ चुनाव लड़ रहे जनसुराज के उम्मीदवार अनुज कुमार सिंह के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की और उनके समर्थन का एलान किया। अनंत सिंह ने कहा कि अनुज कुमार सिंह का एक अक्तूबर को नामांकन है। उनके नामांकन को लेकर वह पूरी तरह तैयार हैं। इसके बाद वह पूरे इलाके में अनुज कुमार सिंह के लिए चुनाव प्रचार करेंगे और लोगों से उनके पक्ष में वोट देने की अपील करेंगे।
विज्ञापन
बोले- यह पार्टी का चुनाव नहीं, व्यक्तिगत मामला है
जदयू विधायक ने कहा कि यह पार्टी का चुनाव नहीं है और पार्टी की ओर से उन्हें कुछ नहीं कहा गया है। उन्होंने कहा कि मेरा और नीरज कुमार का व्यक्तिगत मामला है। उन्होंने मेरा विरोध किया था, इसलिए हम उनके चुनाव में विरोध करेंगे। अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें इस बात से कोई मतलब नहीं है कि चुनाव में कौन उम्मीदवार है। वह अनुज कुमार सिंह का पूरी तरह समर्थन करेंगे और उनके लिए पूरे इलाके में जाकर वोट मांगेंगे।
कार्रवाई के सवाल पर अनंत सिंह ने दिया यह जवाब
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनंत सिंह से पार्टी की ओर से कार्रवाई किए जाने को लेकर भी सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने नीरज कुमार का हवाला देते हुए कहा कि जब नीरज कुमार ने उनका विरोध किया तो क्या उनके खिलाफ कोई कार्रवाई हुई? उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि नीरज कुमार ने ललन सिंह का विरोध किया था, तब पार्टी ने उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की?
विज्ञापन
अनुज कुमार सिंह बोले- एक अक्तूबर को करेंगे नामांकन
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जनसुराज के पटना स्नातक उम्मीदवार अनुज कुमार सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि वह एक अक्तूबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उन्होंने लोगों से अपने समर्थन की अपील की। अनुज कुमार सिंह ने कहा कि नामांकन के बाद चुनाव को लेकर वह मैदान में उतरेंगे और लोगों से समर्थन मांगेंगे।
यह पार्टी का चुनाव नहीं है, जदयू का विरोध नहीं
इससे पहले भी जदयू विधायक अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि नीरज कुमार ने विधानसभा चुनाव में मेरा विरोध किया। मेरी गलती क्या है? हम मीटिंग में जाकर बोले थे, लेकिन हमें कुछ नहीं बताया गया। उन्होंने आगे कहा कि मेरे वोट से मुख्यमंत्री बनता है और ललन बाबू के वोट से प्रधानमंत्री बनता है। इसके वोट से क्या बनेगा? पार्टी का सिंबल भी मिलता है। यह पार्टी का इलेक्शन नहीं है। अनंत सिंह ने कहा कि जब पार्टी के लोग चुनाव लड़ते हैं, तब उनका समर्थन करने के बजाय विरोध किया गया। उन्होंने कहा कि उनके चुनाव के समय कितना विरोध किया गया था, इसका वीडियो लोग देख सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका विरोध जदयू से नहीं, बल्कि नीरज कुमार से है। अनंत सिंह ने कहा कि जिस दिन पार्टी की बैठक हुई थी, उस दिन भी उन्होंने अपनी बात रखी थी।