फ्लैटों का जायजा लेते सीएम नीतीश कुमार
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को राजधानी पटना के गर्दनीबाग स्थित निर्माणाधीन ऑफिसर्स इनक्लेव का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान निर्माणाधीन 10 मंजिला भवन के कार्य की प्रगति की समीक्षा की और इसे तेजी से पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आवासीय परियोजना से राज्य के अधिकारियों को बेहतर रहने की सुविधा मिलेगी और सरकारी कामकाज की व्यवस्था और सुदृढ़ होगी।
विशेष तौर पर जांची फ्लैटों की गुणवत्ता
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री भवन के 9वें फ्लोर पर बने फ्लैट में पहुंचे और वहां किचन, स्टोर रूम, ड्राइंग रूम, डाइनिंग रूम और बेडरूम का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और डिजाइन पर संतोष जताया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि फ्लैटों के आगे जब पार्क का निर्माण पूरा हो जाएगा, तब परिसर की सुंदरता और अधिक बढ़ जाएगी।
यह भी पढ़ें- Bihar: नाबालिग ने सड़क पर मचाया तांडव, बालू लदा ट्रैक्टर बाइक को टक्कर मारकर पलटा; युवक गंभीर घायल, घंटों जाम
बाद में वे भवन की छत पर पहुंचे और वहां से पूरे परिसर का समीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि परिसर को स्वच्छ और हराभरा बनाए रखने के लिए विशेष प्रयास हों। इसके अलावा उन्होंने छत पर सोलर पैनल लगाने की योजना को जरूरी बताते हुए कहा कि इससे सौर ऊर्जा का उत्पादन संभव होगा, जिससे बिजली की जरूरतों को पूरा किया जा सकेगा।
निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि इन फ्लैटों में रहने वाले अधिकारियों को आधुनिक और सुविधाजनक वातावरण मिले, इसके लिए निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह परियोजना न केवल सुविधा बल्कि शहर की नई पहचान का हिस्सा भी बनेगी।
यह भी पढ़ें- Bihar News: पानी की बोतल लेने गई महिला को जहरीले सांप ने डंसा; मौत के बाद ओझाओं के चक्कर काटते रहे परिजन
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनके प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव कुमार रवि, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने निर्माण स्थल पर मौजूद अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली और मुख्यमंत्री के निर्देशों को त्वरित रूप से लागू करने का आश्वासन दिया।