पटना में डाकबंगला चौराहे पर सबसे ज्यादा लोग आते हैं नवरात्र में। यहां बन रहा ऐसा पंडाल।
- फोटो : amar ujala digital
नवरात्र आज से है। लाभ मुहूर्त के लिए 7:14 से 10:09 के बीच, अमृत मुहूर्त के लिए सुबह 10:09 से 11:36 बजे तक घट स्थापना की जा रही है। अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:13 बजे से 11:59 बजे और शुभ मुहूर्त दोपहर बाद 01:03 बजे से 02:30 बजे तक मानते हुए घट स्थापना की जा रही है। पटना में जिस जगह देवी दर्शन के लिए नवरात्र में सबसे ज्यादा श्रद्धालु पहुंचते हैं, वहां की तैयारी भी देखें।
पटना के डाकबंगला चौराहे पर खजुराहो मंदिर की दिखेगी झलक
पटना के डाकबंगला चौराहे पर इस बार दुर्गा पूजा में श्रद्धालुओं को अनोखा पंडाल देखने को मिल रहा है। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर यहां हुगली के पत्तों से आकर्षक पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसकी बनावट मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध खजुराहो मंदिर से प्रेरित है। आयोजकों का दावा है कि बिहार में पहली बार इस तरह का पत्तों से बना पंडाल तैयार किया जा रहा है। वहीं माता की मूर्ति को कोलकाता के मूर्तिकार जगन्नाथ पाल प्रतिमा तैयार कर रहे हैं। वह पिछले 31 वर्षों से समिति के लिए प्रतिमाएं बनाते आ रहे हैं। प्रतिमा निर्माण के लिए वाराणसी, हरिद्वार, ऋषिकेश और कोलकाता की हुगली नदी से मिट्टी और जल लाई गई है।
नवयुवक संघ दुर्गा पूजा समिति ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष अमित कुमार बड़ुआ के मुताबिक, पंडाल को तैयार करने में करीब छह महीने का समय लगा है। इसकी डिजाइनिंग और पत्तों पर कलाकारी का काम कोलकाता के आर्ट कॉलेज की छात्राओं ने किया है। इसके लिए पहले पत्तों को मंगवाकर सुखाया गया। इसके बाद उन पर डिजाइन तैयार कर कटिंग, प्रिंटिंग और वार्निशिंग की गई। पंडाल का ढांचा बनाने और बांस से जुड़ा काम पश्चिम बंगाल के कारीगर कर रहे हैं। अमित कुमार बड़ुआ ने बताया कि डाकबंगला चौराहे पर दुर्गा पूजा का आयोजन वर्ष 1964 से होता आ रहा है। इस तरह समिति इस वर्ष अपने आयोजन के 63वें वर्ष का उत्सव मना रही है। हर साल यहां मां दुर्गा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। षष्ठी से ही भीड़ बढ़ने लगती है और पूजा के दौरान डाकबंगला चौराहा पटना के प्रमुख पूजा स्थलों में शामिल रहता है।
इनकम टैक्स से डाकबंगला चौराहे तक होगी आकर्षक लाइटिंग
इस बार पूजा के अवसर पर इनकम टैक्स चौराहे से डाकबंगला चौराहे तक विशेष रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए पश्चिम बंगाल के चंदननगर की भोला इलेक्ट्रॉनिक्स को जिम्मेदारी दी गई है। रास्ते में कई आकर्षक तोरण द्वार भी बनाए जा रहे हैं। इनमें जगन्नाथ मंदिर की झलक वाला द्वार, पीकॉक गेट और अन्य सजावटी गेट शामिल हैं। इसके अलावा भगवान शिव, गणेश और भगवान विश्वकर्मा की आकृतियां भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
बच्चों के लिए भी होंगे खास आकर्षण
पूजा पंडाल में बच्चों के मनोरंजन का भी विशेष ध्यान रखा गया है। आयोजकों के अनुसार, डोरेमोन और स्पाइडरमैन जैसे लोकप्रिय पात्रों से जुड़े आकर्षण भी तैयार किए जा रहे हैं। इसके साथ ही अन्य कलात्मक आकृतियां और सजावट भी देखने को मिलेगी। समिति के कोषाध्यक्ष अमित कुमार बड़ुआ ने बताया कि डाकबंगला चौराहे पर मां दुर्गा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उनका कहना है कि भक्त अपनी मनोकामनाएं लेकर मां के दरबार में आते हैं और आस्था के साथ पूजा-अर्चना करते हैं। समिति इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षक सजावट और बेहतर व्यवस्था करने में जुटी है।