नालंदा जिले के चिकसौरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक यात्रियों से भरी मिनी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि दर्जन भर लोग घायल हो गए। यह हादसा चिकसौरा मोड़ के पास हुआ, जब बस चालू अवस्था में खड़ी थी और ड्राइवर-खलासी यात्रियों को बैठाने में व्यस्त थे।
ड्राइवर और खलासी बस से उतर गए थे
चश्मदीदों के अनुसार, मिनी बस चिकसौरा के पभेड़ी से हिलसा बाजार की ओर जा रही थी। चिकसौरा मोड़ पर बस को रोका गया, लेकिन इंजन चालू था। ड्राइवर और खलासी यात्रियों को बैठाने के लिए बस से नीचे उतर गए थे। इसी दौरान बस अचानक आगे बढ़ने लगी और नियंत्रण खोकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस के आगे बढ़ने की वजह हैंड ब्रेक का सही से लगाना न होना बताया जा रहा है। बस पलटने से एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग बचाव और राहत कार्य में जुट गए। पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को बाहर निकालने की कोशिशें शुरू कर दी गईं। पुलिस की मदद से एंबुलेंस बुलाई गई और सभी घायलों को हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में चिकसौरा थाना अध्यक्ष लक्ष्मी भारती ने बताया कि पुलिस ने मृत यात्री के शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके अलावा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और ड्राइवर व खलासी से भी पूछताछ की जाएगी।
बस संचालन में लापरवाही पर उठे सवाल
इस दुर्घटना ने एक बार फिर बस संचालकों की लापरवाही और सुरक्षा उपायों की अनदेखी को उजागर कर दिया है। चालू बस में यात्रियों को बैठाने की प्रथा आम हो चुकी है, जिससे ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त नियम लागू किए जाएं और दोषी पाए जाने पर बस संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।