नालंदा जिले के बख्तियारपुर–राजगीर रेल खंड पर देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां ट्रेन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना हरनौत रेलवे स्टेशन की है। मृतक की पहचान हरनौत थाना क्षेत्र के हासनचक गांव निवासी स्वर्गीय अकलू पासवान के 60 वर्षीय पुत्र बासो पासवान के रूप में हुई है। बुधवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेजा।
मृतक के भतीजे नीतीश पासवान ने बताया कि बासो पासवान अपनी पत्नी उरो देवी के साथ नेपाल आंख का इलाज करवाने के लिए गए हुए थे। देर रात दोनों पटना से ट्रेन पकड़कर हरनौत लौट रहे थे। इसी दौरान हरनौत स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय बासो पासवान का बैलेंस बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म के नीचे चले गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना उनकी पत्नी उरो देवी ने परिजनों को दी।
बताया गया कि दंपति की पांच बेटियां हैं, जो सभी विवाहित हैं और अपने-अपने ससुराल में रहती हैं। घर में पति–पत्नी अकेले रहते थे। शुक्रवार को वे आंख का इलाज कराने नेपाल गए थे।