पुलिस लाइन में दी गई श्रद्धांजलि
- फोटो : अमर उजाला
नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम उस समय अफरातफरी मच गई जब डायल 112 सेवा में तैनात एएसआई (जमादार) रामपुकार यादव ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए पहले कल्याण विगहा अस्पताल और फिर पटना के पारस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस लाइन में दी गई श्रद्धांजलि, शव भेजा गया पैतृक गांव
एएसआई रामपुकार यादव का पार्थिव शरीर बुधवार को नालंदा पुलिस लाइन लाया गया, जहां उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। लाइन डीएसपी श्याम किशोर रंजन के नेतृत्व में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया, जिसमें हरनौत और बेना थाने के थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। श्रद्धांजलि के बाद शव को उनके गया जिले के परैया थाना क्षेत्र अंतर्गत लोदीपुर गांव स्थित पैतृक निवास भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें- Tejashwi Yadav: 'CM नीतीश को चर्चा का विषय भी नहीं पता'- क्यों बोले तेजस्वी; विधानसभा से निकल भड़ास निकाली
‘पिस्तौल साफ करते समय चली गोली’
मामले में एएसआई की पत्नी सुनीता देवी ने बयान दिया है कि उनके पति पिस्तौल की सफाई कर रहे थे, उसी दौरान गोली चल गई। पत्नी ने इसे एक दुर्घटनावश घटना बताया और कहा कि इलाज के दौरान उनकी मौत हुई।
15 लाख रुपये लेने का आरोप, उसी दिन मिली थी शिकायत
रामपुकार यादव पर ड्यूटी के दौरान पटना के एक व्यवसायी से 15 लाख रुपये लेने का गंभीर आरोप भी लगा था। बताया जा रहा है कि मंगलवार को ही हरनौत थाने में इस संबंध में एक लिखित शिकायत प्राप्त हुई थी, जिस पर जांच जारी थी। इसी बीच शाम को उन्होंने खुद को गोली मार ली।
नालंदा में 2024 से थे पदस्थापित
रामपुकार यादव वर्ष 2024 से नालंदा जिले में तैनात थे और उनकी ड्यूटी ईआरएसएस वाहन (डायल 112 सेवा) पर थी। पुलिस इस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, जिसमें आत्महत्या के पीछे के कारणों और आरोपों की सत्यता को परखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें- Prashant Kishor: जनसुराज के प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज; दो घंटे तक नहीं पहुंच सके विधानसभा या धरनास्थल
हरनौत थाना पुलिस ने बताया है कि लिखित शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। रामपुकार यादव की मृत्यु के कारणों को लेकर अभी तक कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।