नालंदा में सीएम नीतीश कुमार की चुनावी सभा
- फोटो : अमर उजाला
‘भाजपा के साथ मिलकर हिंदू-मुस्लिम झगड़ा किया खत्म’
मुख्यमंत्री नीतीश ने कहा कि पहले हिंदू मुस्लिम में काफी झगड़ा हुआ करता था। हम और भाजपा ने जब से बिहार की बागडोर संभाली, तब से दोनों का झगड़ा शांत कराया। हम लोगों ने मिलकर आठ हजार से अधिक कब्रिस्तान की घेराबंदी की, मदरसे के शिक्षकों को सरकारी कर्मी का दर्जा दिया। हम लोगों को जब मौका मिला तो हम लोगों ने सभी काम किए जैसे शिक्षा के क्षेत्र में, स्वास्थ्य के क्षेत्र में, सड़क के क्षेत्र में, बिजली के क्षेत्र में और सभी क्षेत्र में काम किया गया। लड़कियों को काफी कम पढ़ाया जाता था। उनके पढ़ने के लिए सारी व्यवस्था की गई। उन्हें पोशाक राशि दी गई, मैट्रिक में प्रोत्साहन राशि दी गई, इंटर में प्रोत्साहन राशि दी गई और स्नातक में प्रोत्साहन राशि दी गई।
‘विधानसभा चुनाव के पहले 10 लाख लोगों को देंगे रोजगार’
जदयू प्रमुख ने कहा कि जब हम लोगों ने काम करना शुरू किया तो हर घर बिजली, हर घर नल जल और हर घर शौचालय पहुंचाने का काम किया। उन लोगों द्वारा ‘अंड-बंड’ बोला जाता है। हम ही लोगों ने यह तय किया था। हम लोगों ने ही तय किया था कि सभी लोगों को नौकरी देंगे। 2005 पास से 2020 तक आठ लाख लोगों को नौकरी दी और लाखों लोगों को रोजगार दिया है। 2020 में हम और भाजपा ने मिलकर यह तय किया था कि हम लोग 10 लाख नौकरी और 10 लाख लोगों को रोजगार देंगे। चार लाख से ज्यादा लोगों को नौकरी दी गई है, एक लाख का तुरंत होने वाला और तीन लाख का भी काम शुरू हो गया है। अगले साल जो विधानसभा का चुनाव होगा। उससे पहले 10 लाख नौकरी जरूर पूरी कर देंगे और पांच लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराएंगे।
मुख्यमंत्री ने एक बार फिर इशारों ही इशारों में ही लालू परिवार पर हमला कर कहा कि हम प्रेस बंधुओं से भी अनुरोध करना चाहते हैं कि जरा उन लोगों पर भी नजर डालिए, हम लोग गरीब आदमी और वे लोग कहां से कहां पहुंच गए हैं।