शव का पोस्टमार्टम कराने अस्पताल पहुंचे परिजन
- फोटो : अमर उजाला
नालंदा में बदमाशों ने लाठी-डंडे से पीट-पीट कर एक बुजुर्ग की हत्या कर दी। यह मामला नगरनौसा थाना क्षेत्र के कैला गांव का है। घटना सोमवार की रात हुई है। मृतक की पहचान कैला गांव निवासी दिवंगत बुलकन राम के बेटे राम लखन राम (60) के रूप में की गई है। मंगलवार की सुबह परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए परिजन बिहार शरीफ सदर अस्पताल पहुंचे।
‘सर्कस में बच्चों को लेकर हुआ था विवाद’
घटना को लेकर मृतक के बेटे राजेश राम ने बताया कि गांव में लक्ष्मी स्थान के पास सोमवार की रात सर्कस दिखाया जा रहा था। किसी बात को लेकर आरोपी सुग्रीव उनके बेटे के साथ गाली-गलौज करने लगा और उसके साथ मारपीट कर दी। जब वह मना करने पहुंचे तो सुग्रीव और उसके बेटे ने उनके साथ भी मारपीट कर दी।
‘झगड़ा रोकने गए पिता को लाठी-डंडों से पीटा’
उन्होंने बताया कि इसी बीच लड़ाई-झगड़े की बात सुनकर उसके पिता वहां पहुंच गए और बीच-बचाव करने लगे। तभी सुग्रीव और उसके बेटे समेत अन्य लोगों ने लाठी-डंडे से पीटकर पिता को जख्मी कर दिया। गांव वालों ने बीच-बचाव किया और उसके पिता को इलाज के लिए नगरनौसा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। इसके बाद स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
आरोपी पिता-पुत्र को पुलिस ने किया गिरफ्तार
नगरनौसा थाना के प्रभारी थाना अध्यक्ष शंभू यादव ने बताया कि बच्चों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें बड़े भिड़ गए। दोनों पक्ष में मारपीट हुई, जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई। इस मामले में दो आरोपी सुग्रीव और उसके बेटे सुभाष कुमार को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापामारी की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।