रोहतास जिले के सूर्यपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पवरा गांव में बीती रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान संझौली थाना क्षेत्र के चैता नरवर गांव निवासी धनजी राम की 22 वर्षीय बेटी लक्ष्मीना कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस ने फिलहाल परिजनों से प्राप्त आवेदन के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका की सास मंतोरणा देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
शादी के चार माह बाद मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका लक्ष्मीना कुमारी की इसी वर्ष 8 मई को पवरा गांव निवासी अर्जुन राम के साथ शादी हुई थी। हालांकि शादी के बाद पति-पत्नी के बीच संबंध सामान्य थे, लेकिन इसी बीच किसी बात को लेकर परिवार में अनबन होने लगी। इसके बाद शादी के चार माह बाद लक्ष्मीना की अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
फांसी लगाकर आत्महत्या
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि लक्ष्मीना ने रविवार को अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे उतारा। वहीं, घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मारपीट और दहेज प्रताड़ना का आरोप
मृतका के पिता धनजी राम ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा पैसों की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर बेटी के साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। उन्होंने बताया कि शादी के बाद पैसों को लेकर एक-दो बार विवाद भी हुआ था। पिता का आरोप है कि ससुराल वालों ने दहेज के लालच में उनकी बेटी की हत्या कर दी।
ये भी पढ़ें- पटना में भारी बवाल: मेडिकल छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़े, पुलिस से झड़प; क्या है BUHS छात्रों की मांग
सास गिरफ्तार, मामले की जांच शुरू
मामले में परिजनों ने पति अर्जुन राम, ससुर राजेश राम, सास मंतोरणा देवी और जेठानी रानी देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस संबंध में सूर्यपुरा थानाध्यक्ष चंदन कुमार भगत ने बताया कि परिजनों की ओर से दहेज प्रताड़ना, मारपीट और हत्या को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने सास को गिरफ्तार कर लिया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
घटनास्थल पर मौजूद भीड़