Matric Result : आज सोशल मीडिया से लेकर कई समाचार संस्थानों तक में चर्चा है कि बिहार बोर्ड आज ही मैट्रिक की परीक्षा का परिणाम घोषित करेगा, लेकिन इस बात में थोड़ी सी भी सच्चाई नहीं है। रिजल्ट को लेकर तथ्य से जुड़ी जानकारी आपको अमर उजाला दे रहा है।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति पूरे भारत में सबसे पहले रिजल्ट जारी करने वाला बोर्ड बन गया है। इंटरमीडिएट की परीक्षा का रिजल्ट भी सबसे पहले जारी किया गया और अब मैट्रिक की परीक्षा का रिजल्ट जारी होना बाकी है। सोशल मीडिया पर इस बात की चर्चाएं खूब चल रही है कि आज शनिवार को मैट्रिक की परीक्षा का रिजल्ट जारी किया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं है। आज बिहार विद्यालय परीक्षा समिति मैट्रिक की परीक्षा का रिजल्ट जारी नहीं करेगी।
विज्ञापन
सोशल मीडिया पर खूब हो रही चर्चा
सोशल मीडिया पर भले चर्चा जोरों पर है कि आज मैट्रिक की परीक्षा का रिजल्ट जारी किया जाएगा। सोशल मीडिया पर बिहार बोर्ड के द्वारा जारी किए गए कंटेंट भी वायरल हैं, जिसमें यह कहा जा रहा है कि आज रिजल्ट जारी किए जाएंगे, जिसकी पुष्टि न तो अमर उजाला कर रहा है और न ही बिहार विद्यालय परीक्षा समिति। अब आप जानिए कि मैट्रिक की परीक्षा के परिणाम कब तक प्रकाशित किए जाएंगे। 'अमर उजाला' कारण सहित पूरी जानकारी दे रहा है।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar Weather: आज भी बिहार के इन जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट, पटना का मौसम कैसा रहेगा?
आज परीक्षाफल प्रकाशित नहीं करने की है ख़ास वजह
परीक्षा के परिणाम जारी होने से पहले बिहार बोर्ड, परीक्षार्थियों का वेरिफिकेशन करती है, जिसमें टॉप 5 से लेकर टॉप 10 सफल परीक्षार्थियों की भी घोषणा की जाती है। उस घोषणा में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति और बिहार सरकार के द्वारा आर्थिक पारितोष और लैपटॉप के साथ प्रशस्ति पत्र भी दी जाती है। मैट्रिक के परीक्षार्थियों का मैरिट वेरीफिकेशन गुरुवार और शुक्रवार को किया गया। सूत्रों की जानकारी के मुताबिक इस बार 1035 परीक्षार्थियों का मेरिट वेरिफिकेशन किया जाना है, इस वजह से शुक्रवार को 500 से अधिक विद्यार्थियों का वेरिफिकेशन करने के बाद भी मैरिट वेरिफिकेशन करने के लिए 46 परीक्षार्थी शेष रह गए। उन परीक्षार्थियों का वेरिफिकेशन आज शनिवार को किया जा रहा है।
रविवार या सोमवार तक रहेंगी धड़कनें तेज
चूंकि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने मैट्रिक परीक्षा के रिजल्ट 30 मार्च तक प्रकाशित करने की संभावना जताई थी। और वैसे भी आज शनिवार को परीक्षार्थियों का वेरिफिकेशन किया जा रहा है। कल रविवार है और रविवार को सरकारी कार्यालय बंद रहते हैं, लेकिन मुमकिन है कि परीक्षाफल रविवार को या फिर सोमवार यानी 30 मार्च को मैट्रिक की परीक्षा का रिजल्ट प्रकाशित किया जा सकता है। फिलहाल बिहार के लगभग 15 लाख विद्यार्थियों की धड़कनें तेज हैं।