जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय महासचिव व प्रवक्ता राजीव रंजन ने शनिवार को प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इसमें उन्होंने आगामी 24 जनवरी को पटना में आयोजित जननायक कर्पूरी ठाकुर की 100वीं जयंती कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर देश के उन चुनिंदा नेताओं में से एक थे जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन गरीबों, वंचितों की सेवा में अर्पित कर दिया। उनके सेवा भाव के कारण ही समाज के हर जाति, हर वर्ग में आज भी उनके प्रशंसक विद्यमान हैं। इसीलिए उन्हें जननायक भी कहा जाता है। उन्होंने कहा कि आगामी 24 जनवरी को उनकी 100वीं जयंती है, जिसे एक पर्व की तरह मनाया जाएगा। इस अवसर पर पटना के एयरपोर्ट मैदान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उसमें नालंदा के हर घर से लोगों को शामिल होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ईमानदारी और सादगी की ऐसी मिसाल थे, जो एक बार उपमुख्यमंत्री और दो बार मुख्यमंत्री रहने के बावजूद अपना एक घर तक नहीं बनवा सके। 1952 से लगातार विधायक रहने के बावजूद कर्पूरी ठाकुर रिक्शे से ही चलते थे, क्योंकि उनकी जायज आय कार खरीदने और उसका खर्च वहन करने की अनुमति नहीं देती थी।
जदयू महासचिव ने कहा कि यह कर्पूरी ठाकुर ही थे जिन्होंने साल 1971 में मुख्यमंत्री बनने पर किसानों को बड़ी राहत देते हुए गैर-लाभकारी जमीन पर मालगुजारी टैक्स को खत्म कर दिया था। इसी तरह सरकारी नौकरियों में मुंगेरीलाल कमीशन लागू कर गरीबों और पिछड़ों को आरक्षण देने की हिम्मत दिखाने वाले भी वही थे। उन्होंने ही अति पिछड़े समाज की व्यथा को समझते हुए उन्हें पहली बार सरकारी नौकरियों में 12% आरक्षण का लाभ दिया। यह कर्पूरी ठाकुर ही थे जिन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर उच्च जाति के पुरुषों के लिए तीन प्रतिशत और महिलाओं के लिए तीन प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की थी।
उन्होंने कहा कि समाज का ऐसा कोई वर्ग नहीं है जो कर्पूरी ठाकुर द्वारा किए गए कार्यों से अछूता रह गया हो। उनका जीवन हम सभी के लिए आदर्श है। इसीलिए लोग उन्हें जनता का नायक कहते थे।
नालंदा के लोगों से अपील करते हुए राजीव रंजन ने कहा कि आम जनता के सुख-दुःख के साथी रहने वाले ऐसे देवतुल्य इंसान की 100वीं जयंती में शरीक होना हम सभी का कर्तव्य भी है और दायित्व भी। इसीलिए मेरी नालंदा के तमाम निवासियों से अपील है कि आगामी 24 जनवरी को पटना के एयरपोर्ट मैदान में आयोजित हो रहे उनकी जयंती कार्यक्रम में भारी से भारी संख्या में उपस्थित होकर उन्हें अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करें। साथ ही उनकी नीतियों और आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लें।
इस मौके पर पूर्व विधायक राष्ट्रीय महासचिव सह राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन, जिला अध्यक्ष जदयू मोहम्मद अरशद, किसान सहकारिता अध्यक्ष अनूप पटेल, जिला महासचिव अरविंद कुमार, देवनंदन प्रसाद, प्रोफेसर परविंदर कुमार, राजेंद्र प्रसाद, उपाध्यक्ष भरत भूषण प्रसाद, शशि भूषण प्रसाद, बबलू पटेल, निवास प्रसाद, श्रवण पटेल, नीरज कुमार और संजय कुमार आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।