नालंदा जिले में चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। बुधवार रात जिले के लहेरी और बिंद थाना क्षेत्रों में एक साथ पांच जगहों पर चोरी की घटनाएं हुई हैं। चोरों ने दुकानों और घरों को निशाना बनाया है।लहेरी थाना क्षेत्र में चोरों ने तीन दुकानों और एक घर को निशाना बनाया है। थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित सोहन कुआं में तीन दुकानों में चोरी की घटनाएं हुई हैं। चोरों ने वेंटीलेटर के रास्ते दुकानों में प्रवेश किया और नकदी और अन्य सामान चोरी कर ले गए।
पीड़ितों के मुताबिक, कृष्णा साइबर कैफे, रौनक साइबर कैफे और एक किराना दुकान से करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी और अन्य सामान चोरी हुए हैं। इसके अलावा, कोनासराय में एक घर से 3.50 लाख रुपये की चोरी की गई है।
बिंद थाना क्षेत्र में भी चोरी की घटना
बिंद थाना क्षेत्र के बकरा गांव में भी चोरी की घटना हुई है। यहां रामजन्म केवट के घर में चोर छत के रास्ते घुसे और करीब सवा लाख रुपये की संपत्ति चुरा ले गए। उक्त घर मे कोई नहीं रहता था। इसी का फायदा बदमाशों के द्वारा उठाया गया और चोरी की घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस की कार्रवाई
लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक और बिंद थानाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
लोगों में दहशत
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। लोग अपने घरों और दुकानों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। लोग पुलिस से मांग कर रहे हैं कि वे चोरों को जल्द से जल्द पकड़ें ताकि लोग सुरक्षित महसूस कर सकें और रात्रि गश्ती भी निरंतर हो।