बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी (सामान्य प्रशासन विभाग) बिहार सरकार द्वारा दिसंबर 2024 की जारी रैंकिंग में बक्सर जिले को पूरे बिहार में पहला स्थान मिला है। बता दें कि डीएम अंशुल अग्रवाल के उत्कृष्ट नेतृत्व और मार्गदर्शन के परिणाम स्वरूप यह उपलब्धि हासिल हुई है। यह रैंकिंग समय सीमा के भीतर सेवा प्रदान करना, दायर अपीलों का निष्पादन, अधिरोपित दंड राशि की वसूली, और लोक सेवा केंद्रों के निरीक्षण जैसे मापदंडों पर आधारित होती है।
मुख्यमंत्री 7 निश्चय योजना में पूरे राज्य में बक्सर जिले को मिला पहला स्थान
बक्सर में गुरुवार को डीएम अंशुल अग्रवाल ने जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र का निरीक्षण एवं संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक की। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि विगत चार महीने से मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना में पूरे राज्य में बक्सर जिला प्रथम स्थान पर है। बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लक्ष्य माह दिसम्बर 2024 में ही पूरा कर लिया गया है। डीएम ने जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र अंतर्गत संचालित योजनाओं में बेहतर कार्य करने वाले कल्याण विभाग प्रखंड कार्यालय बक्सर के कर्मी गोविंद कुमार के साथ-साथ अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों को गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर सम्मानित करने हेतु प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निदेश दिया।
'आर्थिक हल युवाओं का बल' मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल
डीएम ने आर्थिक हल युवाओं को बल के तहत संचालित योजनाओं जैसे बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भता योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम का विस्तार से गहन समीक्षा किया गया। डीएम ने बताया कि आर्थिक हल युवाओं का बल माननीय मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता में सम्मलित है। संचालित योजनाओं में शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने हेतु जिला योजना पदाधिकारी, जिला नियोजन पदाधिकारी, प्रबंधक जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र के साथ-साथ अन्य सहयोगी विभाग के पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया। बैठक में जिला योजना पदाधिकारी बक्सर, जिला नियोजन पदाधिकारी बक्सर, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी बक्सर, प्रबंधक डीआरसीसी, डीपीएम जीविका, डीसीएम और अन्य संबंधित उपस्थित थे।