पटना जिले के बिहटा स्थित आईआईटी पटना परिसर में चार दिवसीय 14वें इंटर IIT TECH मीट का भव्य उद्घाटन बिहार के राज्यपाल मोहम्मद आरिफ मोहम्मद खान ने किया। इस अवसर पर आईआईटी पटना के निदेशक प्रो. टी.एन. सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। देशभर के 23 आईआईटी से आए 2000 छात्र इस टेक मीट में हिस्सा ले रहे हैं।
विज्ञापन
उद्घाटन समारोह के बाद प्रो. टी.एन. सिंह ने राज्यपाल मोहम्मद आरिफ मोहम्मद खान को अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। बता दें कि राज्यपाल बनने के बाद यह उनका पहला दौरा था जब वे बिहटा स्थित आईआईटी पटना परिसर पहुंचे।
उद्घाटन के दौरान राज्यपाल मोहम्मद आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि बिहार के लिए यह गर्व का विषय है कि पहली बार आईआईटी पटना में इस स्तर का आयोजन किया जा रहा है, जहां टेक्नोलॉजी पर विभिन्न प्रतियोगिताएं और चर्चा होंगी। उन्होंने कहा कि देशभर के 23 आईआईटी के छात्रों का यहां एकत्र होना बहुत बड़ी उपलब्धि है। राज्यपाल ने सभी प्रतिभागी छात्रों को ढेरों शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे चाहते हैं कि देश लगातार आगे बढ़े और बिहार का नाम रोशन होता रहे।