बिहार के रोहतास जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर पुलिस की वर्दी पहनकर अवैध वसूली करने वाले एक गिरोह का रविवार को पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस मामले में रोहतास पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से अवैध हथियार समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद हुए हैं। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ चल रही है, ताकि पूर्व में हुई घटनाओं के संदर्भ में जानकारी जुटाई जा सके।
दरअसल, सभी आरोपी राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर पुलिस और परिवहन विभाग के नाम पर ट्रक चालकों से जबरन वसूली कर रहे थे। गिरोह का एक सदस्य रजनीश कुमार दारोगा की पूरी वर्दी में था, जबकि एक अन्य व्यक्ति बिहार पुलिस कमांडो की वर्दी में तथा चालक समेत तीन व्यक्ति सामान्य ड्रेस में थे।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
मामले में रविवार को आयोजित सदर डीएसपी-1 ने बताया कि बीती रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एनएच पर रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप कुछ लोग पुलिस की वर्दी पहनकर ट्रकों को रोक रहे हैं और चालकों से अवैध पैसे की उगाही कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने तत्काल विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की और सभी लोगों को हिरासत में ले लिया।
वर्दी के पहनावे से गहराया शक
डीएसपी के अनुसार, वर्दी पहने रजनीश कुमार ने बताया कि वह वर्ष 2017 बैच का दारोगा है। वर्दी का पहनावा तथा उसके जवाब संदिग्ध पाए जाने पर जब आईडी कार्ड की मांग की गई तो कार्ड फर्जी पाया गया। इसके बाद पुलिस ने पांचों फर्जी पुलिसकर्मियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया और इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में कांड दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, दो अभियुक्तों इसरार आलम एवं दिवाकर कुमार सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
ये भी पढ़ें- बिहार: एसआईआर विवाद पर जीतनराम मांझी का पलटवार, बोले- चुनाव आयोग संवैधानिक संस्था, अंतिम फैसला ही मान्य
दो देशी कट्टे समेत कई सामान बरामद
पुलिस ने इनके पास से दो देशी कट्टे, चार जिंदा कारतूस, एक काले रंग का नकली पिस्तौल, पांच एंड्रॉयड फोन, एक चार पहिया वाहन, दो नंबर प्लेट, एक फुल मंकी मास्क, पुलिस लिखा एक बोर्ड समेत अन्य सामान बरामद किया है। वहीं, गिरफ्तार अभियुक्तों में शिवसागर थाना क्षेत्र के कोनार गांव निवासी प्रवीण सिंह, करगहर थाना क्षेत्र के बैरी बांध गांव निवासी इसरार आलम, चेनारी थाना क्षेत्र के छितराटांड गांव निवासी रजनीश कुमार तथा कैमूर जिले के सबार थाना क्षेत्र के अमाव गांव निवासी दिवाकर कुमार सिंह एवं कुदरा थाना क्षेत्र के बसतलवा गांव निवासी वीरेंद्र कुमार शामिल हैं।