बिहार में पहली बार एक अनोखी शादी होने जा रही है जिसमें दो महिला पुरोहित विवाह कार्य को संपन्न कराएंगी। दरअसल, बिहार में भाजपा के विधान परिषद सदस्य संजय पासवान की बेटी प्रो. अदिति नारायणी की शादी कराने दो महिला पुरोहित महाराष्ट्र से पटना आई हैं। अदिति की शादी आज यानी आठ दिसंबर को होगी। इस शादी की एक और खास बात ये भी है कि ये पूरी शादी दिन में ही होगी। आमतौर पर बिहार और उत्तरप्रदेश में शादियां रात में संपन्न होती हैं।
आखिर क्यों हो रही अनोखी शादी
दरअसल, एमएलसी संजय पासवान की बेटी अदिति नारायणी जेएनयू की रिसर्च स्टूडेंट रहीं हैं। वह महिला सशक्तीकरण के विषयों पर लगातार काम करती रही हैं। यही वजह है कि अपनी शादी को कुछ अलग ढंग से प्रस्तुत कर सामाजिक जागृति लाने की कोशिश की है। अदिति की शादी में तो बड़े-बड़े मेहमान आने वाले हैं लेकिन यहां सबसे खास तो महिला पुरोहितों द्वारा कराया जा रहा वैवाहिक अनुष्ठान है। महाराष्ट्र के थाणे जिला की गौरी खुंटे और वृंदा दांडेकर, महिला पुरोहित हैं। यही दोनों पटना शादी का अनुष्ठान संपन्न कराने पहुंची हैं।
गौरी और वृंदा वेद पढ़ने में माहिर
गौरी और वृंदा वेद पढ़ने में माहिर हैं। जानकारी के अनुसार दोनों शुरुआत में घर ही पूजा-पाठ कराती थीं और फिर साल 2000 से घर के बाहर धार्मिक अनुष्ठान कराना शुरू कर दिया। बाहर पूजा कराने लगी तो धमकी भरे फोन आने लगे, लेकिन गौरी रुकी नहीं। गौरी को इस काम में उनकी मदद की उनके परिवार ने की।
अदिति को वैदिक रीति से शादी कराने वाली महिला पुरोहित चाहिए थीं।
अदिति ने बाताया कि उन्हें वैदिक रीति से शादी कराने वाली महिला पुरोहित चाहिए थीं। अदिति के अनुसार वह बंगाल के जाधवपुर यूनिवर्सिटी की महिला पुरोहितों से संपर्क किया। लेकिन, पता चला वो वैदिक रीति रिवाज से शादी नहीं करातीं तो फिर मैंने महाराष्ट्र की गौरी खुंटे से संपर्क किया और वह यहां आने के लिए मान गईं।