रोहतास जिले के डेहरी-नासरीगंज पथ पर मंगलवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल से स्कूल जा रहे दो छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना दरिहट थाना क्षेत्र में दरिहट हाईस्कूल के समीप की है।
साइकिल से स्कूल जा रहे थे दोनों छात्र
जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र साइकिल से स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में 13 वर्षीय लवकुश कुमार और 12 वर्षीय आयुष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों अशोक कुमार जैन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आठवीं कक्षा के छात्र हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों छात्रों को इलाज के लिए डेहरी स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। बताया गया कि लवकुश का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जबकि आयुष की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया।
ट्रक चालक की पिटाई, पुलिस वाहन को घेरा
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक को रोककर चालक की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चालक को छुड़ाकर थाने ले जाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने पुलिस वाहन और ट्रक को घेर लिया तथा वरीय अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग की।
चार घंटे तक सड़क जाम
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने डेहरी-नासरीगंज मुख्य मार्ग को करीब चार घंटे तक जाम रखा। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने ग्रामीणों को सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने और वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने का आश्वासन दिया। इसके बाद यातायात बहाल हुआ। थानाध्यक्ष राकेश गोसाई ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है।