पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में सक्रिय एक बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने चोरी की छह बाइक बरामद कर पांच चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरोह का सरगना सुमित कुमार मनेर का निवासी है, और उसका नेटवर्क पटना व भोजपुर जिलों तक फैला है।
पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने चोरी की छह बाइक के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी चोर पटना और भोजपुर जिलों के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। जानकारी के मुताबिक, बिहटा के महादेवा रोड स्थित मंदिर के पास पिछले एक सप्ताह से लगातार बाइक चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। दिन हो या रात, बाइक चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे थे। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद बिहटा पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की।
विज्ञापन
जांच में पहला सुराग मनेर थाना क्षेत्र के हाथी टोला निवासी सुमित कुमार के रूप में मिला, जिसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अन्य चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया और बिहटा थाना क्षेत्र के मौदही गांव से चोरी की छह बाइक बरामद की गईं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गिरोह का नेटवर्क पटना और भोजपुर जिलों तक फैला हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों में मनेर थाना क्षेत्र के हाथी टोला निवासी सुमित कुमार, बिहटा के महुआर गांव निवासी अमित कुमार, और भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के निवासी मो. मिनाज अंसारी, मो. कलामुद्दीन, तूफानी राय, मो. एजाज अहमद और मो. रमजान अंसारी के नाम शामिल हैं।
पश्चिमी पटना के सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरोह का सरगना सुमित कुमार ही है, जो बाइक चुराने के बाद उन्हें शराब कारोबार से जुड़ी गतिविधियों के लिए पटना और भोजपुर में बेच देता था। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही है।