पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र के सकरैचा गांव में शुक्रवार सुबह बकरी चराने गई दो मासूम बच्चियों की ठनका गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बकरी चराने गई थीं दोनों बच्चियां
मृतक बच्चियों की पहचान शिमरन कुमारी (12 वर्ष), पिता गोपाली पासवान तथा स्वीटी कुमारी (10 वर्ष), पिता रिपु पासवान के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों बच्चियां सुबह गांव के समीप बकरी चराने गई थीं। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ ठनका गिरा, जिसकी चपेट में आने से दोनों बच्चियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
गांव में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। मासूम बच्चियों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
मुआवजे की उठी मांग
घटना की जानकारी मिलने पर भाकपा माले के प्रखंड सचिव गुरुदेव रविदास ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद हृदयविदारक घटना है। उन्होंने कहा कि दो मासूम बच्चियों की असमय मौत से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है। उन्होंने जिला प्रशासन से मृतक परिवारों को आपदा राहत योजना के तहत उचित मुआवजा देने तथा पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
गुरुदेव रविदास ने लोगों से खराब मौसम और आकाशीय बिजली के दौरान खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि ऐसी प्राकृतिक आपदाओं के समय सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।
ये भी पढ़ें:
पलभर में उजड़ गया गरीब परिवार, गया में वज्रपात चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
दूसरी तरफ परसा बाजार थाना प्रभारी मेनका रानी ने बताया कि दोनों बच्चियों के शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी अंचलाधिकारी को भी दे दी गई है। सरकार की आपदा राहत योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि के लिए भी अंचलाधिकारी से अनुरोध किया गया है।