18वीं विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आज तीसरा दिन है। आज राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने अभिभाषण दिया। उन्होंने बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों को संयुक्त रूप से संबोधित किया। हालांकि, अभिभाषण की शुरुआत होते ही कुछ देर के लिए साउंड सिस्टम में खराबी आ गई थी। इस कारण किसी को उनकी आवाज ठीक से सुनाई नहीं रही थी। इसके बाद तकनीकी टीम ने इसे ठीक किया। राज्यपाल ने नई सरकार की आगामी योजना और नीतियों को सामने रखा। उन्होंने कहा कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन में आप सभी का स्वागत करता हूं तथा हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ। मैं राज्य की खुशहाली एवं बहुआयामी विकास की कामना करता हूँ। साथ ही मैं विधानसभा के सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई भी देता हूं। मुझे विश्वास है कि नव गठित बिहार विधान सभा का कार्यकाल बिहार को विकसित बनाने एवं जन-जन तक खुशहाली लाने में अपनी रचनात्मक भूमिका निभायेगा।
अनंत सिंह और अमरेंद्र पांडेय ने नहीं लिया शपथ
इधर, दूसरे दिन भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. प्रेम कुमार ने विधानसभा अध्यक्ष के आसान पर बैठ गए। पहले दिन अनुपस्थित रहे चार विधायकों ने भी शपथ ले लिया। बाहुबली अनंत सिंह और अमरेंद्र पांडेय शपथ लेने के लिए नहीं पहुंच पाएं। अनंत सिंह जेल में हैं और अमरेंद्र पांडेय अपने भतीजे का इलाज करवा रहे हैं। इधर, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष का पद भाजपा के पास जाने के बाद उपाध्यक्ष पद जदयू के पास चला गया है। आज जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता और प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव ने उपाध्यक्ष पद पर नामांकन दाखिल कर दिया है। उनके अलावा किसी और ने इस पद के लिए नामांकन नहीं किया है इसीलिए उनका निर्विरोध उपाध्यक्ष चुना जाना तय है। हालांकि नरेंद्र नारायण यादव पहले भी उपाध्यक्ष थे।