दो आधुनिक कैरावैन को हरी झंडी दिखाते हुए पर्यटन मंत्री
- फोटो : अमर उजाला
बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को सिख हेरिटेज भवन, दरोगा राय पथ से पूर्वाह्न 11:30 बजे दो नये कैरावैन का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर पर्यटन सचिव निलेश रामचंद्र देवरे, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक नंदकिशोर तथा महाप्रबंधक चंदन चौहान भी उपस्थित रहे।
पर्यटन को बढ़ावा देने की महत्वाकांक्षी योजना
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि बिहार सरकार का पर्यटन विभाग राज्य में पर्यटन के विकास के लिए कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है। इसी क्रम में पर्यटकों को बेहतर और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन दो कैरावैन की खरीद की गई है।
करीब 2.18 करोड़ की लागत से खरीदे गए कैरावैन
बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड द्वारा इन दोनों कैरावैन की कुल खरीद लागत लगभग 2 करोड़ 18 लाख रुपये बताई गई है। प्रत्येक कैरावैन में कुल आठ यात्रियों के बैठने की व्यवस्था और चार स्लीपर बेड उपलब्ध हैं, जो दो परिवारों के आरामदायक सफर के लिए उपयुक्त हैं।
पढ़ें- Bihar: तीन दिन फ्रीजर में बंद रही इंसानियत, मौत के बाद भी चलता रहा सौदा; रजिस्ट्री के बाद ही नसीब हुई कब्र
आधुनिक सुविधाओं से लैस कैरावैन
पर्यटन सचिव निलेश रामचंद्र देवरे ने जानकारी दी कि ये कैरावैन भारत बेंज के चेसिस पर निर्मित कराए गए हैं। प्रत्येक कैरावैन में चार 360 डिग्री रिवॉल्विंग चेयर और एक सोफा उपलब्ध है। इसके साथ ही बाथरूम, किचन, टीवी, कैम्पिंग के लिए जेनसेट और कैनोपी की सुविधा भी दी गई है। सभी स्लीपर बेड पर रीडिंग लाइट और टीवी की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरा और एसओएस बटन भी लगाए गए हैं।
किराया और बुकिंग की व्यवस्था
बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक नंदकिशोर ने बताया कि कैरावैन का किराया 75 रुपये प्रति किलोमीटर रखा गया है, जिसमें न्यूनतम 250 किलोमीटर प्रतिदिन की शर्त लागू होगी, साथ ही 5 प्रतिशत जीएसटी देय होगा। इन कैरावैन का उपयोग बिहार सहित देश के विभिन्न पर्यटन स्थलों के भ्रमण के लिए देशी और विदेशी पर्यटक कर सकेंगे। बुकिंग सिख हेरिटेज भवन, दरोगा राय पथ स्थित निगम कार्यालय, कौटिल्य विहार काउंटर या मोबाइल नंबर 8544418209 के माध्यम से की जा सकती है।