MLC Election: अब तक किसी भी दल ने विधान परिषद् उम्मीदवारों का नाम फाइनल नहीं किया है। कुछ नामों को छोड़कर बाकी सभी पर विचार विमर्श किया जा रहा है। आज जनता दल यूनाईटेड में हलचल काफी तेज है। इसका कारण है कि सुबह से ही नीतीश कुमार काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं। उन्होंने दोनों डिप्टी सीएम से भी मुलाकात की है। आइये जानते हैं पूरा मामला...
बिहार विधान परिषद् 10 सीटों पर नामांकन पर्चा दाखिल करने का आज दूसरा दिन है। पहले दिन किसी भी पार्टी की ओर से प्रत्याशी ने नामांकन नहीं भरा। उम्मीदवारों के चयन को लेकर आज जनता दल यूनाईटेड में सबसे ज्यादा हलचल है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार पूरी तरह सक्रिय दिखे। सुबह वह डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव के आवास पर पहुंचे। इसके बाद डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी से भी उन्होंने मुलाकत की। नीतीश कुमार जब अपने आवास (सात सर्कुलर रोड) पर लौटे तो मंत्री लेशी सिंह उनके आवास पर पहुंचीं।
विज्ञापन
नीतीश कुमार को सौंप दी गई है लिस्ट
जदयू सूत्रों की मानें तो जल्द ही विधान परिषद् प्रत्याशी की सूची जारी हो सकती है। पार्टी के शीर्ष नेताओं ने उम्मीदवारों की लिस्ट नीतीश कुमार को सौंप दी है। अब नीतीश कुमार इस पर मंथन कर रहे हैं। दोनों डिप्टी सीएम और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से विचार विमर्श करने के बाद ही वह उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाएंगे।
नौ सीट में चार सीट फिलहाल जनता दल यूनाईटेड के पास है। जदयू से गुलाम गौस, भीष्म सहनी, कुमुद वर्मा, और श्रीभगवान सिंह कुशवाहा का कार्यकाल 28 जून को समाप्त हो रहा है। वहीं जिस एक सीट पर उपचुनाव होना है, उस पर नीतीश कुमार विधान परिषद् गए थे। लेकिन, उनके राज्यसभा जाने के बाद से यह सीट खाली हो गई है। अब इस पर जदयू ही अपना उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। फिलहाल, जदयू में कुर्मी जाति से निशांत कुमार, कोईरी से राजीव कुमार सिंह, अति पिछड़ा समाज से आने वाले ललन मंडल और अल्पसंख्यक समाज से आने वाले गुलाम रसूल बलियावी के नाम की चर्चा विधान परिषद् प्रत्याशी के रूप में सबसे ज्यादा चल रही है। अब देखना होगा कि नीतीश कुमार इनमें से किन नामों पर अंतिम मुहर लगाते हैं।