बिहार की राजधानी पटना में रहने वाली अक्षिता इन दिनों सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही हैं। दरअसल, अक्षिता अपने हैरतअंगेज कारनामे की वजह से सुर्खियों में चल रही हैं। सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि अक्षिता गुप्ता(Akshita Gupta) पलक झपकते ही 12 फीट ऊंची पिलर पर चढ़ जाती है और इसके लिए उन्होंने कोई ट्रेनिंग भी नहीं ली है। कई लोग तो अक्षिता को स्पाइडर गर्ल कह रहे हैं। अक्षिता के घर के आसपास रहने वाले पड़ोसियों का कहना है कि उन्होंने स्पाइडर मैन का नाम तो सुना था और टीवी पर देखा भी था लेकिन अब स्पाइडर गर्ल को आंखों के सामने देखकर हैरानी हो रही है।
संगमरमर की चिकनी ग्रेनाइट की दीवार पर भी चढ़ जाती है अक्षिता
अक्षिता के साथ उनकी 9 साल की बहन कृपिता ने भी इसकी प्रैक्टिस शुरू कर दी है। अक्षिता और कृपिता ने रविवार को दावा किया कि वे संगमरमर की चिकनी ग्रेनाइट की दीवार पर बिना किसी सहारे के आसानी से अपने पैरों पर चढ़ सकते हैं। वर्चुअल प्रदर्शन में दोनों बहनें बिना किसी सहारे के 12 फीट तक खंभे पर चढ़ गईं।
हिमालय की ऊंची चोटियों को फतह करने का सपना
समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए, अक्षिता ने कहा कि जब मेरे माता-पिता काम के लिए बाहर जाते थे, तो मुझे दीवारों पर चढ़ने की इच्छा होती थी। अभ्यास के साथ, मैंने दीवारों पर तेजी से चलना शुरू कर दिया। जब मेरी मां और पिता ने देखा, तो वे हैरान रह गए। सबसे पहले, मेरी मां ने मुझे इस गतिविधि को करने के लिए मना किया और कहा कि यह बहुत जोखिम भरा है, लेकिन मैंने जारी रखा। आज, मुझे स्पाइडर मैन की तरह दीवारों पर चढ़ने में खुशी हो रही है। अक्षिता ने बताया कि उसका सपना जल्द ही हिमालय की ऊंची चोटियों को फतह करने का है।
माता-पिता को बच्चों पर गर्व
वहीं अक्षिता की छोटी बहन कृपिता ने एएनआई को बताया कि उन्होंने अपनी बड़ी बहन अक्षिता को देखकर ही खंभे पर चढ़ना सीखा। दो लड़कियों के पिता अजीत कुमार गुप्ता ने एएनआई को बताया कि मुझे अपनी बेटियों की प्रतिभा पर बहुत गर्व है और मुझे उम्मीद है कि वे एक दिन हिमालय की चोटियों पर चढ़ेंगी और खुद को केवल 12 फीट तक सीमित नहीं रखेंगी। बच्चियों की मां संगीता गुप्ता ने अपने बच्चों के इस कारनामे पर गर्व महसूस किया। मां ने कहा कि उन्हें कभी-कभी डर था कि वे ग्रेनाइट की दीवार पर चढ़ते समय गिर जाएंगे, लेकिन आज मुझे अपनी बेटियों पर गर्व है। मुझे उम्मीद है कि वे जल्द ही हिमालय की चोटियों पर चढ़कर नए विश्व रिकॉर्ड स्थापित करेंगी।