पटना के जानीपुर थाना क्षेत्र स्थित बग्घा टोला के पास सोमवार देर रात्रि पुलिस और बदमाशों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस टीम इलाके में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में बाइक सवार युवकों को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल अपराधी की पहचान राकेश कुमार (उम्र 36 वर्ष), निवासी पिपरा, के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद राकेश कुमार मौके पर ही गिर पड़ा, जबकि उसका एक सहयोगी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस टीम ने घायल अपराधी को तुरंत पकड़कर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद पटना एसएसपी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए।