पटना में मारे गए इंडिगो स्टेशन हेड रूपेश सिंह
- फोटो : सोशल मीडिया
इंडिगो स्टेशन हेड रूपेश सिंह हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है। दरअसल, रूपेश की हत्या के तीसरे आरोपी पुष्कर ने पटना सिविल कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों पवन और रितुराज की गिरफ्तारी कर चुकी है। पुलिस का दावा है कि मूलरूप से सारण निवासी इंडिगो स्टेशन मैनेजर रूपेश कुमार सिंह को मुख्य आरोपी रितुराज ने 12 जनवरी को गोली मारी थी। सीसीटीवी फुटेज में घटनास्थल पर जाते तथा वहां से वापस भागते हुए रितुराज को देखा गया है।
इधर, अगमकुंआ थाना क्षेत्र से आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार दूसरे अभियुक्त पवन कुमार को रुपेश सिंह हत्या कांड में रिमांड के लिए शात्रीनगर थाने की पुलिस ने एसीजेएम कोर्ट में आवेदन दाखिल किया है। इस मामले पर पटना के एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि इस कांड का चौथा आरोपी अभी फरार चल रहा है। उसे बी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि इंडिगो मैनेजर रूपेश सिंह घटना वाले दिन 12 जनवरी को पटना एयरपोर्ट से अपनी ड्यूटी कर पुनाईचक स्थित अपने अपार्टमेंट में जा रहे थे। तभी अपार्टमेंट के गेट पर अपराधियों ने गोलीमार कर उनकी हत्या कर दी थी। इस घटना के संबध में पुलिस ने आपराधिक षड्यंत्र कर गोली मारकर हत्या करने वाले अज्ञात पांच-छह अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
इसमें पटना पुलिस ने रितुराज को उसके घर के पास से गिरफ्तार किया और उसके पास से आर्म्स बरामदगी का दावा करते हुए रामकृष्णानगर थानेदार ने जेल भेज दिया था। वहीं, गिरफ्तारी के बाद रामकृष्णानगर थानेदार ने रितुराज का दोष स्वीकारोक्ति बयान दर्ज किया था। इसी बयान के आधार पर रितुराज को रूपेश सिंह हत्याकांड में पटना पुलिस ने रिमांड किया था।
एसएसपी ने कहा कि रूपेश हत्याकांड के खुलासे के बाद पटना पुलिस की जांच की दिशा में कोई बदलाव नहीं आया है और ऋतुराज की गिरफ्तारी के समय रूपेश सिंह हत्याकांड के कारणों का रोड रेज के रूप में जो खुलासा हुआ था उस पर पटना पुलिस आज भी कायम है।