बता दें कि बिहार विधानसभा में विशेष सशस्त्र विधेयक पर चर्चा की जा रही है और विपक्षी दल इसका लगातार विरोध कर रहे हैं। साथ ही, धरने पर भी बैठे हुए हैं। मंगलवार को जब सदन में विधेयक पर चर्चा हो रही थी, तब विपक्षी विधायक विधानसभा अध्यक्ष के चैंबर तक पहुंच गए और विधेयक की कॉपी छीनने की कोशिश करने लगे। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों और विधायकों के बीच हाथापाई हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को बिहार विधानसभा में भारी हंगामे के बीच बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक पेश किया गया, जिसके विरोध में विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। इसके बाद नौबत धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। विपक्षी दलों ने नीतीश कुमार मुर्दाबाद के नारों भी लगाए, जिसके बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
गौरतलब है कि तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव के नेतृत्व में राजद समर्थकों ने विधानसभा के बाहर भी प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने विधानसभा घेरने की कोशिश की तो पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिससे राजद कार्यकर्ता भड़क गए और पत्थरबाजी करने लगे। उन्होंने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने जमकर लाठियां फटकारीं।